आगरालीक्स…आगरा में आज की दस प्रमुख खबरें. कोरोना के केस लगातार मिल रहे तो वहीं स्वास्थ्य विभाग ने किया अलर्ट. डिप्टी सीएम ने किया मेट्रो का निरीक्षण. आने वाले पांच दिन बहुत भीषण गर्मी के…पढ़ें संक्षेप में खबरें एक क्लिक पर
- भीषण गर्मी का सामना कर रहे आगरावासियों को आज गर्मी से कुछ राहत मिली. बुधवार रात को चली ठंडी हवाओं से आज का तापमान कम रहा. मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को शहर का अधिकतम तापमान 38.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो कि सामान्य से दो डिग्री कम रहा. वहीं न्यूनतम तापमान 23.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. हालांकि राहत की खबर आज ही है. गर्मी के आने वाले पांच दिन काफी मुश्किलभरे हो सकते हैं. मौसम विभाग ने एक बार फिर से शहर में लू चलने की संभावना जताई है.
- आगरा में आगरा विकास प्राधिकरण द्वारा लगातार अवैध कब्जों पर कार्रवाई की जा रही है. अभी तक कई अवैध कॉलोनियों, जमीनों, फ्लैट्स और होटलों पर एडीए द्वारा कार्रवाई की जा चुकी है. गुरुवार को भी एडीए का बुलडोजर फतेहाबाद रोड पर गरजा. एडीए ने तोरा पुलिस चौकी के पास पेट्रोल पंप के बराबर में किए गए अवैध कब्जे को हटाया. यहां 45 मीटर चौड़े महायोजना मार्ग की जमीन पर अवैध रूप से कब्जा किया गया था. एडीए के बुलडोजर ने एकबारगी में ही सब ध्वस्त कर दिया.
- उत्तर प्रदेश लघु उद्योग निगम के बैनर तले ताजनगरी के फाउंड्री नगर क्षेत्र में उत्तर प्रदेश की पहली बहुद्देशीय-बहुमंजिली उद्योग आधारित ग्रीन बिल्डिंग जल्दी ही आकार लेगी। उत्तर प्रदेश लघु उद्योग निगम के उपाध्यक्ष एवं ताजनगरी के प्रमुख उद्यमी व समाजसेवी राकेश गर्ग विगत दो वर्षों से इस प्रोजेक्ट के लिए प्रयास कर रहे थे। यह प्रोजेक्ट अभी तक भूमि, टीटीजैड, विभिन्न विभागीय कार्यवाहियों एवं डीपीआर की प्रक्रिया पूर्ण करने के बाद इस मुकाम तक पहुंचा है।
- मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ अरुण श्रीवास्तव द्वारा बताया गया कि जनपद आगरा में कोरोना दस्तक दे चुका है धीरे धीरे नये मरीजों की संख्या में बढ़ोतरी हो रही है जो कि एक चिन्ता का विषय है जिसके लिए हरेक व्यक्ति को सोचना पड़ेगा और कोविड के बढ़ते कदमों को रोकना होगा जिसके लिए हमें हर समय कोविड प्रोटोकॉल का पालन करते हुए सतर्क रहना होगा हर व्यक्ति को संदिग्ध मानते हुए उससे एक निश्चित दूरी बनाकर चलना होगा और अपने हाथों को बार बार साबुन से धोएं, खाने में कोई भी ऐसी चीज नहीं खानी है जो हमारे गले को खराब करे।
- उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्या ने आगरा मेट्रो रेल परियोजना का दौरा किया। इस दौरान परियोजना निदेशक अरविंद कुमार राय ने डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्या को आगरा मेट्रो रेल परियोजना के तहत किए जा रहे विकास कार्यों को लेकर जानाकारी दी। इस निरीक्षण के दौरान केशव प्रसाद मौर्या ने आगरा मेट्रो के निर्माण कार्यों की गति की सराहना की। वहीं, ताज ईस्ट गेट मेट्रो स्टेशन पर मीडिया के बातचीत करते हुए डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्या ने कहा कि उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन द्वारा आगरा शहर में तेज गति के साथ मेट्रो का विकास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आगरा मेट्रो रेल परियोजना के तहत चल रहे निर्माण कार्यों की गति सराहनीय है, ऐसे में शहरवासी को निर्धारित समय में मेट्रो की लाभ ले पाएंगे।
- आगरा में एक बार फिर से मुंबई—आगरा—मुंबई फ्लाइट शुरू हो गई है. गुरुवार को मुंबई से फ्लाइट आगरा पहुंची और फिर यहां से तय समय पर मुंबई के लिए रवाना हुई. शुक्रवार को पहले दिन 291 यात्रियों ने दोनों महानगरों के बीच सफर किया. सुबह मुंबई से आगरा 163 यात्री फ्लाइट से पहुंचे तो बाद में यहां से 128 यात्री मुंबई ेक लिए रवाना हुए.
- इंटरनेट आज घर—घर में हैं. बच्चे से लेकर बड़े तक इसका प्रयोग कर रहे हैं. लेकिन बच्चों के दिमाग पर इसका काफी असर पड़ रहा है. इसका उदाहरण आगरा में देखने को मिला जब कक्षा 8 का एक छात्र इंटरनेट के एक वीडियो को देखकर घर से भाग गया. बच्चे के परिजन पूरे 17 घंटे तक उसके लिए परेशान रहे. हर परिचित के पास फोन किया, हर दोस्त और हर मिलने वाले के यहां पहुंचे लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला. हारकर पुलिस के पास पहुंचे तो पुलिस ने सीसीटीवी की मदद से बच्चे को तलाशा और उसे परिवार के हवाले कर दिया.
- दो दिन के आगरा दौरे पर पहुंचे डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने गुरुवार को आगरा मेट्रो परियोजनाओं का निरीक्षण किया. उन्होंने मेट्रो के कार्य की रिपोर्ट ली और जरूरी दिशा निर्देश भी दिए. इसके अलावा उन्होंने जामा मस्जिद पर बनने वाले भूमिगत स्टेशन का नाम बदलकर मनकामेश्वर मेट्रो स्टेशन रखने का ऐलान भी किया है.
- आगरा के सिकंदरा स्थित एक जूता उत्पादन फैक्ट्री – कॉन्सेप्ट कन्सीवर्स एंड एक्ज़ीक्यूटर्स के सोल कटिंग रूम में एक एशियन पाम सिवेट मिला। बढ़ते तापमान और भीषण गर्मी के कारण सिवेट कैट थकी हुई और डीहाईड्रेटेड थी। आवश्यक चिकित्सकीय सहायता प्रदान करने के बाद उसे वापस जंगल में छोड़ दिया गया। कॉन्सेप्ट कंसीवर्स और एक्जिक्यूटर्स में काम करने वाले कर्मचारी जूता उत्पादन फैक्ट्री के अंदर एक असामान्य जानवर को देखकर आश्चर्यचकित रह गए।
- जिला प्रशासन द्वारा जारी किए गए आंकड़ों के अनुसार, आगरा में 24 घंटे में 2062 सैंपल लिए गए। कोरोना के आठ नए केस मिले हैं, जबकि कोरोना के 21 मरीज ठीक हो गए। नए केस से कहीं ज्यादा मरीज ठीक हो रहे हैं। इससे एक्टिव केस कम हो गए हैं।