आगरालीक्स…आगरा में प्रशासन ने शीत गृह स्वामियों एवं उनके कर्मचारियों को संयंत्रों के रखरखाव और अग्निशमन से संबंधित दी गई ट्रेनिंग.
जिलाधिकारी अरविन्द मल्लप्पा बंगारी के निर्देशों के अनुपालन में उद्यान विभाग आगरा के प्रयासों से सूर सदन ऑडिटोरियम, आगरा में शीत गृह स्वामियों एवं उनके कर्मचारियों हेतु संयंत्रों के रखरखाव तथा अग्निशमन से संबंधित एक महत्वपूर्ण प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में जनपद के लगभग सभी शीत गृह स्वामी एवं उनके मशीन रूम स्टाफ की सक्रिय एवं उत्साहपूर्ण भागीदारी रही। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश लघु उद्योग निगम के अध्यक्ष राकेश गर्ग रहे।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी देवेंद्र सिंह ने शीत गृहों में संयंत्रों के सुरक्षित रखरखाव, अमोनिया गैस से बचाव के उपाय, अग्नि सुरक्षा संबंधी आवश्यक सावधानियों तथा किसी भी आपात स्थिति में अपनाए जाने वाले प्रभावी कदमों पर विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने प्रायोगिक प्रदर्शन (प्रैक्टिकल डेमोंस्ट्रेशन) के माध्यम से अग्निशमन उपकरणों के सही उपयोग की विधि समझाई तथा उपस्थित स्टाफ को व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया। आगरा कोल्ड स्टोरेज ओनर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष भुवेश अग्रवाल ने इस प्रशिक्षण कार्यक्रम की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए जिला उद्यान विभाग का आभार व्यक्त किया। साथ ही, उन्होंने शीत गृहों से आलू निकासी से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी चर्चा की तथा इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रमों को क्षेत्रवार क्लस्टर के रूप में विभिन्न स्थानों पर आयोजित करने का सुझाव दिया, जिस पर मुख्य अग्निशमन अधिकारी ने सहमति व्यक्त की।
मुख्य अतिथि राकेश गर्ग ने अपने संबोधन में सुझाव दिया कि प्रशिक्षण में प्रदर्शित प्रक्रियाओं का एक वीडियो तैयार कर सभी शीत गृहों को उपलब्ध कराया जाए, ताकि अन्य कर्मचारी भी इससे लाभान्वित होकर प्रशिक्षित हो सकें। कार्यक्रम के अंत में जिला उद्यान अधिकारी अनीता सिंह ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम के सफल आयोजन पर प्रसन्नता जताई।