आगरालीक्स…आगरा में स्कूल जाने के लिए निकलीं कक्षा 8 की दो छात्राएं अचानक हुईं गायब. पूरे दिन तलाशा लेकिन नहीं चला पता…शाम को मिली पुलिस को ये खबर
आगरा के थाना ट्रांस यमुना क्षेत्र से आज सुबह स्कूल जाने के लिए घर से निकलीं दो छात्राएं अचानक लापता हो गईं. परिजनों ने उन्हें काफी तलाशा लेकिन कुछ पता नहीं चला. पुलिस को भी सूचना दी गई. पुलिस ने भी दिनभर बच्चियों को तलाश किया, सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले. आसपास के जिलों में भी जानकारी दी गई. आखिरकार देर शाम को पुलिस के पास सूचना आई कि दोनों बच्चियां मैनपुरी में हैं. पुलिस टीम उन्हें लाने के लिए परिजनों के साथ मैनपुरी रवाना हो गई है. दोनों वहां कैसे पहुंची, इसके बारे में पुलिस जानकारी करने की कोशिश कर रही है. देर रात तक दोनों को आगरा लाने की संभावना है.
ये है मामला
ट्रांस यमुना क्षेत्र में ग्रीन क्लीन स्कूल हैं. स्कूल में कालिंदी विहार की रहने वाली वंशिका कक्षा 8 में पढ़ती है तो वहीं टेडी बगिया की रहने वाली अंशिका भी कक्षा 8 की छात्रा है. दोनों आपस में सहेलियां हैं. आज सुबह दोनों घर से स्कूल जाने के लिए निकलीं. नौ बजे स्कूल पहुंची लेकिन दोपहर को एक बजे छुट्टी होने के बाद भी वापस नहीं लौटीं. दोनों बच्चियों के परिजन परेशान हो गए. परेशान परिजनों ने सब जगह तलाशा, कुछ भी पता न चलने पर पुलिस को सूचना दी. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पड़ताल की. स्कूल में लगे सीसीटीवी चेक किए लेकिन बताया जाता है कि वो खराब निकले. आसपास के कैमरों को भी चेक किया गया. पुलिस ने अन्य जिलों के थानों को भी अलर्ट कर दिया. दिन भर पता नहीं चला लेकिन शाम होते होते पुलिस को सूचना मिली कि दोनों बच्चियां मैनपुरी में हैं. इस पर पुलिस टीम परिजनों को लेकर वहां के लिए रवाना हो गई है. देर रात तक उनके आगरा आने की संभावना है. इसके बाद ही पुलिस उनके मैनपुरी पहुंचने के बारे में जानकारी देगी.