आगरालीक्स…आगरा में रात को कोहरे में लंबे सफर के लिए बाइक चलाना खतरनाक. बाईपास पर दो युवकों की एक्सीडेंट में मौत….
आगरा में इस समय भीषण सर्दी पड़ रही है. रात को शीतलहर और कोहरा घना हो जाता है. ऐसे में बाईपास और एक्सप्रेस वे पर रात के समय बाइक चलाना खतरनाक हो सकता है. मंगलवार रात को आगरा के न्यू दक्षिणी बाईपास पर बाइक सवार दो युवकों को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी जिसमें दोनों बुरी तरह से घायल हो गए थे. आज सुबह अस्पताल में दोनों की मौत हो गई. परिजनों में कोहराम मच गया.

ये है पूरा मामला
घटना न्यू दक्षिणी बाईपास के गांव बाद के पास की है. थाना किरावली के गांव कराहरा में रहने वाले दो युवक 22 वर्षीय आकाश पुत्र विजय सिंह और 21 वर्षीय नसरू पुत्र शहजाद मंगलवार रात को बाइक से सैंया जा रहे थे. दोनों बिल्डिंग्स में पत्थर व टाइल्स लगाने का काम करते थे और दोनों दोस्त थे. न्यू दक्षिणी बाईपास पर गांव बाद के पास उनकी बाइक को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी जिससे दोनों बुरी से घायल हो गए और सड़क पर गिर गए. यहां से गुजर रहे लोगों ने दोनों को घायल देखा तो इसकी सूचना पुलिस को दी. दोनों के सिर में गहरी चोटें थीं. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया और परिजनों को इसकी जानकारी दी. आज सुबह दोनों की इलाज के दौरान मौत हो गई. दोनों की मौत से गांव में कोहराम मच गया. पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शवों को परिजनों को सौंपा. देर शाम दोनों युवकों का अंतिम संस्कार कर दिया गया.