आगरालीक्स…आगरा के श्री महालक्ष्मी मंदिर बल्केश्वर में बिखरी भक्ति और रंगों की अनुपम छटा. मां लक्ष्मी संग लड्डू, पुष्प और गुलाल की होली, गूंजा जय-जयकार
फागुन मास की पावन अष्टमी के अवसर पर श्री महालक्ष्मी मंदिर बल्केश्वर में भक्तिभाव, उल्लास और आध्यात्मिक ऊर्जा का अद्भुत संगम देखने को मिला। मां महालक्ष्मी के सान्निध्य में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने लड्डू, पुष्प और गुलाल की होली खेलकर वातावरण को पूर्णतः भक्तिमय बना दिया। मंदिर प्रांगण “जय मां लक्ष्मी” के उद्घोष से गुंजायमान रहा। इस विशेष अवसर पर मां महालक्ष्मी ने आकर्षक लाल पोशाक धारण की, जिसमें उनका दिव्य और मनोहर स्वरूप भक्तों को भाव-विभोर कर रहा था। लाल श्रृंगार और पुष्प अलंकरण से सुसज्जित मां का स्वरूप मानो स्वयं सौभाग्य और समृद्धि का साक्षात् दर्शन करा रहा था।कार्यक्रम का शुभारंभ सुंदरकांड पाठ से हुआ, जिसमें भक्तों ने एक स्वर में प्रभु स्मरण कर वातावरण को दिव्यता से भर दिया। तत्पश्चात मां लक्ष्मी का विधि-विधान से पूजन पंडित रमाकांत द्वारा सम्पन्न कराया गया। मंत्रोच्चार और शंखध्वनि के मध्य भक्तों ने मां के चरणों में अपनी श्रद्धा अर्पित की। इसके उपरांत लड्डू, पुष्प एवं गुलाल की जमकर वर्षा की गई। जैसे ही गुलाल और पुष्पों की वर्षा प्रारंभ हुई, मंदिर परिसर रंगों और भक्ति के उल्लास से सराबोर हो उठा। भक्तों ने मां लक्ष्मी के समक्ष नृत्य और कीर्तन करते हुए आनंदोत्सव मनाया। श्री देवी जी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष राममोहन कपूर, सतीश कपूर एवं अपिल कपूर ने संयुक्त रूप से मां महालक्ष्मी की महा आरती उतारी। महा आरती के समय दीपों की ज्योति और भक्तों की श्रद्धा ने वातावरण को अलौकिक बना दिया। कार्यक्रम की व्यवस्थाएं श्री महालक्ष्मी भक्त मंडल के अध्यक्ष संजय अग्रवाल, महामंत्री मनोज जैन एवं कोषाध्यक्ष अशोक सिंघल द्वारा संभाली गईं।
अंत में महा आरती के पश्चात प्रसादी का वितरण किया गया, जिसे श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव से ग्रहण किया।