आगरालीक्स…हाई ब्लड प्रेशर में क्या करना चाहिए और क्या है इसकी पहचान. उपचार और रोकथाम के बारे में विवि के छात्रों ने किया यह सराहनीय काम
डॉ भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय में कुलपति प्रो. आशु रानी की अध्यक्षता में छलेसर परिसर स्थित फार्मेसी विभाग द्वारा आयोजित रहनकला जगन्नाथ गढ़ी गाँव में ‘विश्व उच्च रक्तचाप दिवस’ जागरुकता शिविर का कार्यक्रम संपन्न हुआ। यह दिवस सन् 2005 मे ‘विश्व उच्च रक्तचाप लीग’ द्वारा पहली बार मनाया गया था। इस दिवस का मुख्य उद्देश्य जनता को उच्च रक्तचाप और इसकी गंभीर चिकित्सा जटिलताओं के महत्व के बारे में बताना और रोकथाम, पहचान और उपचार के बारे में जानकारी प्रदान करना है।

शिविर की शुरुआत में फार्मेसी विभागाध्यक्ष डॉ बृजेश कुमार तिवारी ने सभी गाँव निवासियों एवं छात्रों को उच्च रक्तचाप रोग की उपयुक्त जानकारी दी। उचित नियंत्रण व संभव इलाज न मिलने की स्तिथि में उत्पन्न दुष्परिणामों के बारे में भी लोगों को सचेत किया। साथ ही इस रोग की पहचान, लक्षण, जाँच और इलाज की जानकारी उपलब्ध कराई।
‘उच्च रक्तचाप दिवस’ जागरूकता शिविर में छात्रों द्वारा सभी परामर्श एवं जाँच निशुल्क किये गये। इस शिविर के आयोजन में ग्राम प्रधान हेमलता वर्मा का विशेष सहयोग रहा। उन्होंने छात्रों के इस प्रयास की सराहना की तथा समय-समय पर इस तरह के कार्यक्रमों को आयोजित कराने का आग्रह किया। जागरुकता शिविर में फार्मेसी विभाग के शिक्षक डॉ ज्ञानेन्द्र सिंह एवं डॉ गौरव राजोरिया के साथ विभाग के छात्र एवं छात्राएँ शिविर स्थल पर मौजूद रहे।