आगरालीक्स ….(Agra News 9th March 2022 )आगरा में 12 घंटे बाद मतगणना के पहले राउंड के नतीजे आने लगेंगे, मंडी समिति परिसर पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था है। कल के लिए रूट भी डायवर्ट किया गया है। जानें किस तरह चलेगी मतगणना की प्रक्रिया।
आगरा के मंडी समिति में आगरा उत्तर, आगरा दक्षिण, आगरा छावनी, एत्मादपुर और आगरा ग्रामीण की मतगणना होगी। जबकि खेरागढ़, बाह, फतेहाबाद और फतेहपुर सीकरी की संबंधित क्षेत्र की मंडी परिसर में मतगणना होगी। गुरुवार सुबह आठ बजे से मतगणना शुरू हो जाएगी।

8.30 बजे के बाद खुलेंगी ईवीएम
मतगणना स्थल पर सुबह आठ बजे पहले डाकमतपत्रों की गिनती शुरू होगी। 8.30 बजे से ईवीएम खुल जाएंगी और रुझान आने शुरू हो जाएंगे। हर विधानसभा के अलग अलग राउंड है, उसी हिसाब से रुझान आने लगेंगे।
वीडियोग्राफी होगी, सबसे पहले खेरागढ़ के नतीजे
मतगणना की वीडियोग्राफी कराई जाएगी। वहीं, नौ विधानसभा सीटों में सबसे कम राउंड खेरागढ़ में होंगे। इसलिए सबसे पहले खेरागढ़ विधानसभा का रिजल्ट आएगा और सबसे ज्यादा एत्मादपुर विधानसभा में राउंड होंगे, इसलिए सबसे बाद में एत्मादपुर विधानसभा सीट के नतीजे आएंगे।
रामबाग से नुनिहाई तक हाईवे रहेगा बंद
मतगणना के दौरान रामबाग चौराहे से नुनिहाई तक हाईवे बंद रहेगा। केवल मतदान कर्मी के साथ प्रत्याशी सहित जिन्हें पास जारी किए गए हैं वे ही हाईवे पर जा सकेंगे। वाहनों का हाईवे पर प्रवेश नहीं होगा। इसके लिए बैरियर लगाए जाएंगे।