आगरालीक्स…नेशनल हैमर बॉल चैंपियनशिप में यूपी की बालिकाएं नेशनल चैंपियन बनीं, बालकों में नॉकआउट राउंड की कड़ी टक्कर हुई
आगरा में राष्ट्रीय हैमर बॉल संघ के तत्वाधान में उत्तर प्रदेश हैमर बॉल संघ द्वारा आगरा कैंट स्थित गोवर्धन स्टेडियम में चल रही प्रथम जूनियर राष्ट्रीय हैमर बॉल प्रतियोगिता के दूसरे दिन टीमों ने नॉकआउट चरण में पहुंचने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ी। बारिश के चलते थोड़े गीले हुए मैदान पर टीमों ने जीत दर्ज करने को ठंड में भी पसीना बहाया।
आयोजन समिति से जुड़े रविन्द्र कपिल ने बताया कि तीन दिवसीय प्रतियोगिता के दूसरे दिन ठंड के बीच सुबह 9 बजे मैचों की शुरुआत हुई। बालिका वर्ग में फाइनल मुकाबला खेला गया। फाइनल में मेजबान उत्तर प्रदेश की टीम ने उत्तराखंड को 5 विकेट से हराकर नेशनल चैम्पियन बनने का सपना पूरा किया।
वहीं बालक वर्ग में लीग मैचों में शानदार प्रदर्शन के बाद उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश ने सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया। रविवार को पहले सेमीफाइनल में उत्तर प्रदेश का मुकाबला उत्तराखंड से व दूसरे सेमीफाइनल में महाराष्ट्र का मुकाबला मध्य प्रदेश से होगा।
फाइनल मुकाबला दोपहर 12 बजे से खेला जाएगा। फाइनल के बाद पुरस्कार वितरण होगा।
दीपक श्रीवास्तव, विजय पाल सिंह, हनुमान सिंह, राकेश भारती, राकेश सिंह, अशोक सिंह, आरती, अलका, उत्कर्ष, साजन सिंह राठौर ने निर्णायक की भूमिका निभाई। मैचों के दौान संतोष श्रीवास्तव, जोगिंद्र देव आर्य, जगदीश सहोता, अनिल सहारे आदि उपस्थित रहे।
कार्यशाला में हुई परीक्षा में शामिल हुए 25 प्रशिक्षक
राष्ट्रीय हैमर बॉल संघ के सचिव मनीष श्रीवास्तव ने बताया कि प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए विभिन्न प्रदेशों से 25 प्रशिक्षकों के लिए दो दिन चली कार्याशाला में दूसरे दिन परीक्षा आयोजित हुई। कार्यशाला में हैमर बॉल की बारीकियों को सभी प्रशिक्षकों को अवगत कराया गया। परीक्षा का परिणाम रविवार को जारी होगा।