आगरालीक्स…आगरा में सप्लाई के लिए आया था 800 किलो पनीर. मरी हुई मक्खियां, मच्छर मिले, बदबू आ रही थी. एफएसडीए ने कराया नष्ट. नमूने जांच को भेजे..देखें वीडियो
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा मिलावटी खाद्य पदार्थ पनीर के विक्रय पर सतत अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत सहायक आयुक्त (खाद्य) महेंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि खाद्य सुरक्षा अधिकारियों के गठित दल द्वारा आज मंगलवार को सुबह लगभग चार बजे कैंट चौराहा, आगरा पर एक महिंद्रा पिक-अप यूपी80जीटी4759 को अधिसूचना के आधार पर रोका गया. गाड़ी में पांच ड्रम रखे हुए थे जिनमें लगभग 8 कुंतल पनीर जिसकी कीमत 1.76 लाख रुपये है रखा था. टीम ने पनीर का निरीक्षण कर जांच के लिए नमूना लिया.आगरा में सप्लाई के लिए आया था पनीर
मौके पर वाहन में वाहन चालक, खाद्य कारोबारकर्ता - रविन्द्र सिंह सोनी पुत्र श्री मोहन सिंह, नि०- इंद्रा कॉलोनी के आउटडोर के पीछे, धौलपुर, राजस्थान ने पूछने पर बताया कि वह उक्त पनीर रीको इंडस्ट्रियल एरिया धौलपुर में संचालित पनीर प्लाट से आगरा में बेचने के लिए लाया है. मौके पर खाद्य कारोबारकर्ता/वाहन चालक रवीन्द्र सिंह द्वारा पनीर विक्रय किये जाने सम्बन्धी व परिवहन किये जाने के सम्बन्ध में खाद्य लाइसेंस प्रस्तुत नहीं किया गया. निरीक्षण के दौरान ड्रमों में रखे पनीर को नियंत्रित तापमान में परिवहित न किये जाने व भंडारित पनीर में मक्खियां, मच्छर, जीवित व मृत अवस्था में पाये गये तथा पनीर में दुर्गन्ध आ रही थी. अस्वच्छकर व अस्वस्थकर परिस्थितियो तथा नियंत्रित तापमान में पनीर भण्डारित न होने एवं मानव उपभोग हेतु अनुपयुक्त, असुरक्षित पाए जाने का संदेह होने तथा विनश्वर प्रकृति का होने के कारण लगभग 08 कुंतल कीमत रू. 1,76,000/- को नियमानुसार नष्ट कराया गया.