आगरालीक्स…Agra News : मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार बोले मुझे अपने शहर आगरा पर गर्व, भावुक हो गए। बोले यहां रोजगार की समस्या, आगरा के लिए जो भी हो सकता है यथा संभव प्रयास करूंगा, कोशिश करने वालों की कभी हार नहीं होती। ( Agra News Video : Chief Election Commissioner Gyanesh Kumar said I Am proud of My City Agra, Scope of IT Based Industries in Agra#Agra )
मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के पदभार ग्रहण करने के बाद सपरिवार पहली बार बार अपने गृह नगर आगरा आए। शनिवार को सुबह कैलाश मंदिर में पत्नी अनुराधा और परिजनों के साथ पूजा अर्चना की और मंदिर परिसर का भ्रमण किया एवं वहां पर्यटन एवं संस्कृति विभाग द्वारा कराए जा रहे मंदिर कॉरिडोर तथा विकास कार्यों के बारे में जानकारी ली . मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने सरस्वती शिशु मंदिर पहुंचे तथा बच्चों से मुलाकात कर उन्हें प्रेरित किया।
आगरा मेरी जन्मभूमि, कर्मभूमि है यहीं बचपन की यादें
ग्रवन भवन, वॉटरवर्क्स, नेशनल चैंबर ऑफ इंडस्ट्रीज एंड कॉमर्स के कार्यक्रम में मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने इस अवसर पर कहा कि आगरा मेरी जन्मभूमि, कर्मभूमि है यहीं बचपन की यादें हैं, यहीं ससुराल, ननिहाल मेरा हर रिश्ता आगरा से है, मुझे गर्व है अपने शहर पर,यहां के लोग, शिक्षक, स्वजन सभी का आशीर्वाद प्यार मिला उसी का प्रतिफल है कि भारत के मुख्य निर्वाचन आयुक्त के रूप में देश सेवा तथा देश के लिए बड़े काम करने का अवसर मिला। मुख्य निर्वाचन आयुक्त महोदय ने अपने संबोधन में आगरा से जुड़े अपने तथा परिवार से जुड़े किस्से बयां किए तथा बचपन की बातों को याद कर भावुक हुए तथा कहा कि अपने लोगों के बीच इतना सम्मान प्यार पाकर अभिभूत हूं। उन्होंने अपने परिवार के बारे में बताते हुए कहा कि उनके दादाजी स्वतंत्रता सेनानी थे, घर में राष्ट्रीय भावनाएं प्रबल रूप से मिली।
दुनिया की सबसे बड़ी संस्था भारत का चुनाव आगरा
भारत का चुनाव आयोग दुनियां की सबसे बड़ी संस्था है जहां चुनाव के समय 150 लाख विभिन्न विभागों के कर्मचारी, बिना राजनीतिक पूर्वाग्रह के ईमानदारी से कार्य करते हैं तथा चुनाव बाद वापस अपने विभागों में लौट जाते हैं यह दुनियां के लिए आश्चर्य का विषय है, चुनाव आयोग हमारी विरासत के साथ विश्व के सबसे बड़े लोकतंत्र के नींव का पत्थर है, उन्होंने कहा कि डेमोक्रेसी के चार स्तंभ विधायिका,कार्य पालिका, न्याय पालिका तथा मीडिया को कहा जाता है, निर्वाचन आयोग इन सभी की नींव है। भारत में लगभग 100 करोड़ वोटर्स हैं, उन्होंने कहा कि वोटर्स के साथ न्याय, मतदान प्रतिशत में वृद्धि तथा मतदाताओं को अधिकाधिक सुविधाएं देना, मतदान निष्पक्षता उनकी प्राथमिकता है।
आईटी आधारित उद्योग स्थापित करने की उम्मीद
आगरा में सामर्थ्य है, यहां के लोग प्रतिभाशाली हैं लेकिन उद्योग, रोजगार हेतु कुछ पर्यावरणीय अड़चनें हैं, आगरा की इंडस्ट्रीज तथा लघु उद्योगों ने बहुत त्याग किया है अब आईटी आधारित उद्योग आगरा के लिए बड़ी उम्मीद है, उन्होंने कहा कि अपने आगरा के लिए “जो भी हो सकता है यथा संभव प्रयास करूंगा, कोशिश करने वालों की कभी हार नहीं होती”