आगरालीक्स …Agra News: आगरा में आय से अधिक संपत्ति के मामले में विजिलेंस टीम ने एडीए के सेवानिवृत्त बाबू के घर पर छापा मारा। 99 लाख से अधिक संपत्ति और पांच खातों की जानकारी मिली है।
एसपी विजिलेंस आलोक शर्मा के अनुसार, एडीए से सेवानिवृत्त लिपिक हरीओम शर्मा निवासी रानी बाग इंद्रापुरम ताजगंज के खिलाफ जून 2022 में खुली जांच के आदेश दिए गए थे। फरवरी 2025 में जांच रिपोर्ट शासन को भेजी गई।
1.91 करोड़ रुपये किए खर्च
विजिलेंस की जांच में सामने आया कि निर्धारित अवधि में आय के समस्त स्रोतों से एडीए के बाबू हरीओम शर्मा ने 7883292 रुपये की आय अर्जित की जबकि संपत्तियों के अर्जन और भरण पोषण पर 27025544 रुपये व्यय किए। इस तरह अपनी आय के सापेक्ष 1.91 करोड़ रुपये अधिक का व्यय किया। उनकी आय 200 फीसदी से अधिक रही। इस मामले में विजिलेंस थाना आगरा सेक्टर में निरीक्षक सौदान सिंह ने 27 जून 2025 को भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम में प्राथिमिकी दर्ज कराई थी।
पांच बैंकों में मिले खाते
शुक्रवार को विजिलेंस टीम सेवानिवृत्त बाबू हरीओम शर्मा के घर पहुंची। टीम को उनके घर पर बड़ी एलईडी, सीडी प्लेयर, कई ऐसी और अन्य सामान मिला। प्लाट के दस्तावेज और ज्वैलरी मिली है। इनकी कुल कीमत 99.88 लाख रुपये है, पांच बैंकों में खाते भी हैं। इसकी भी जांच की जाएगी।