आगरालीक्स…आगरा में रात को युवक ने अपनी पत्नी और दो छोटे—छोटे बच्चों को रेलवे ट्रैक पर लिटाया और खुद भी लेट गया. समय पर पहुंच गई पुलिस, पूरे परिवार को सुरक्षित हटाया..
आगरा में एक अजब गजब मामला सामने आया है. पत्नी के साथ किसी बात को लेकर हुए विवाद में एक युवक रात को जबरन पत्नी और दो बच्चों को लेकर अछनेरा के रायभा स्थित रेलवे ट्रैक पर पहुंच गया. यहां उसने पत्नी और बच्चों को जबरन ट्रैक पर लिटा दिया और खुद भी लेट गया. ग्रामीणों की सूचना पर समय पर पुलिस मौके परा पहुंच गई और पूरे परिवार को ट्रैक से सुरक्षित हटा दिया. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
अछनेरा के रायभ रेलवे स्टेशन के पास 31 वर्षीय वेदप्रकाश लोधी पुत्र भोलाराम रहता है. घर में इसके पत्नी ममता और दो बच्चे छह साल का प्रिंस और ढाई साल की संध्या है. रविवार रात को वेदप्रकाश का अपनी पत्नी से किसी बात को लेकर विवाद हो गया. इस पर उसने पत्नी के साथ पहले मारपीट की और फिर उसे व दोनों बच्चों को लेकर घर से निकल गया. रात करीब 11 बजे वह रायभा रेलवे स्टेशन के पास पहुंचा और यहां उसने जबरन अपनी पत्नी ममता और दोनों बच्चों को रेलवे ट्रैक पर लिटा दिया. इसके बाद खुद भी उनके साथ पटरी पर लेट गया.
आसपास के लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी तो समय रहते पुलिस भी मौके पर पहुंच गई. पुलिसकर्मियों ने सूझबूझ व तत्परता दिखाते हुए चारों को रेलवे ट्रैक से हटाकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया. ग्रामीणों का कहना है कि युवक नशे में था. ये भी बताया गया है कि परिवार को ट्रैक से हटाने के करीब पांच मिनट बाद ही उसी पटरी से तेज रफ्तार ट्रेन गुजरी. पुलिस ने वेदप्रकाश को हिरासत में ले लिया और उसका मेडिकल कराया जहां उसके शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई है. एसीपी अछनेरा शैलेंद्र सिंह ने बताया कि यह घटना रात की है. जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.