आगरालीक्स…आगरा में यमुना नहाने आया युवक घाट से लापता. 15 दिन बाद है इसकी शादी. स्टैंड पर खड़ी मिली बाइक, डिक्की में मोबाइल और घाट के पास चप्पलें….परिजन शॉक्ड
आगरा के बटेश्वर धाम में यमुना नहाने और मंदिर दर्शन करने के लिए आया एक युवक घाट के पास से लापता हो गया है. स्टैंड पर उसकी बाइक मिली है, डिक्की में मोबाइल फोन है और हैंडल पर कपड़ों का थैला भी टंगा मिला है. मंदिर के पास उसकी चप्पलें भी मिल गई हैं लेकिन युवक लापता है. 23 नवंबर को उसकी बारात जानी है, उसे दूल्हा बनना है. घर में शादी की तैयारियां चल रही हैं लेकिन अचानक इस तरह से युवक के गायब होने से परिजन शॉक्ड में आ गए हैं. उन्होंने पुलिस को इसकी जानकारी दी है और युवक की तलाश में भी लगे हुए हैं.
फिरोजाबाद का है रहने वाला युवक
लापता युवक का नाम अजय पुत्र धर्मेंद्र है. वह फिरोजाबाद के थाना सिरसागंज के गांव नगला छोटू का रहने वाला है. 15 दिन बाद उसकी शादी है. वह सिरसागंज के दुर्गपुर में ही रहने वाली अपनी बुआ के घर आया था और यहां से सोमवार की सुबह बटेश्वर दर्शन के लिए बाइक से निकला था. दोपहर बाद भी जब वह घर नहीं लौटा और मोबाइल फोन स्व्चि आफ आने लगा तो बुआ का बेटा पंकज आदि बटेश्वर पहुंचे. यहां अजय की बाइक पार्किंग में खड़ी मिली है. जिसके हैंडल पर कपड़ों का थैला भी है और डिक्की में मोबाइल मिला है. मंदिर के पास युवक की चप्पलें भी मिल गई हैं लेकिन अजय का कुछ पता नहीं चल सका है. परिजन उसकी तलाश में जुटे हुए हैं.