आगरालीक्स…आगरा के न्यू दक्षिणी बाईपास पर हादसा. डंपर ने खड़े कैंटर में मारी टक्कर, कैंटर चालक की मौत.
आगरा में रविवार तड़के न्यू दक्षिणी बाईपास पर हादसा हो गया. यहां खड़े एक कैंटर में डंपर चालक ने जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में कैंटर चालक की दर्दनाक मौत हो गई. वह उस समय कैंटर का टायर बदल रहा था. सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.

कैंटर का फट गया था टायर
बताया गया कि कैंटर ग्वालियर से सामान भरकर मथुरा के छाता कोसी जा रहा था. न्यू दक्षिणी बाईपास पर कट के पास कैंटर का टायर फट गया. ड्राइवर पिंटू पुत्र हातिम सिंह निवासी धौलपुर राजस्थान के साथ दूसरा ड्राइवर मोनू उर्फ मोहनसिंह पुत्र केपी सिंह राजावत भिंड मध्य प्रदेश फटे हुए टायर को बदल रहा था. तभी तेज गति से आए एक डंपर ने खड़े कैंटर में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे मौके पर ही मोनू उर्फ मोहन सिंह की मौत हो गई. मोनू की उम्र 22 साल बताई गई है. इधर सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है. मोनू की मौत की खबर सुनकर परिजनों में भी कोहराम मच गया. पुतिलस ने डंपर को कब्जे में ले लिया है और उसका चालक फरार है.