आगरालीक्स…ठंड से कांपा आगरा. नये साल का दूसरा दिन ही सबसे ठंडा रहा. जानें आज का तापमान और आने वाले दिनों का मौसम अपडेट
आगरा में नये साल की शुरुआत जबर्दस्त ठंड से हुई है. साल के पहले दिन जहां कोहरा घना रहा तो वहीं आज दूसरे दिन आगरा आसपास के जिलों की अपेक्षा सबसे ठंडा रहा. पूरे दिन धूप के दर्शन नहीं हुए और शीतलहर चलती रही. ठंड का असर लोगों पर साफ दिखाई दिया. शहर में दिन में भी लोग अलाव पर हाथ सेकते हुए नजर आए. इसके अलावा घरों में बच्चे और महिलाएं अंदर ही रहे. घर से बाहर निकलने वाले पूरी तरह से गर्म कपड़ों में खुद को पैक करते हुए नजर आए.

मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को आगरा का अधिकतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा तो वहीं न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. आज रात को न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है. मौसम विभाग के अनुसार आने वाला सप्ताह कड़ाके की सर्दी का है. घना कोहरा और शीतलहर चलने की संभावना हैं.