आगरालीक्स….आगरा में मेयर पद पर होगा कांटे का मुकाबला। भाजपा की राह नहीं आसान, भाजपा और बसपा के प्रत्याशियों के साथ सपा, कांग्रेस और आप की जातीय समीकरण से गुल खिलाने की कोशिश।

भाजपा में जिताऊ और टिकाऊ का फार्मूला
भाजपा ने हेमलता दिवाकर को मेयर पद का प्रत्याशी घोषित किया है। हेमलता दिवाकर रजक समाज से आती हैं और आगरा ग्रामीण विधासभा सीट से विधायक रह चुकी हैं। राजनीति और और पार्टी संगठन में उनके कद को देखते हुए प्रत्याशी को उतारा है, जो भाजपा की नजर में जिताऊ के मानक तय करता है।
बसपा के नये समीकरण ने सबको चौंकाया
नगर निगम चुनाव में भाजपा का अक्सर मुकाबला बसपा से रहता है। इसे देखते हुए बसपा ने सभी प्रत्याशी घोषित होने के बाद डा. लता वाल्मीकि को मेयर पद का प्रत्याशी घोषित किया है। बसपा ने लता वाल्मीकि पर बड़े सोच-समझ कर दांव खेला है।
वाल्मीकि समाज से एक मात्र प्रत्याशी
अनुसूचित जाति से जाटव और दिवाकर समाज के प्रत्याशी तो मैदान में है लेकिन वाल्मीकि समाज के होने के साथ उच्च शिक्षित प्रत्याशी के साथ बसपा को अपने वोट बैंक से जीत का भरोसा है, जिस पर वह अभी तक के अनुमान के अनुसार मजबूत स्थिति में है।
जाटव-मुस्लिम के सहारे साइकिल दौड़ने की आस
समाजवादी पार्टी ने जूही प्रकाश जाटव को प्रत्याशी बनाकर एक बड़ा दांव खेला है। सपा प्रत्याशी को अपने समाज के बड़े वोट बैंक का भरोसा है तो मुस्लिमों के साथ सपा और रालोद का वोट बैंक सपा प्रत्याशी की स्थिति को मजबूत बनाता है।
कांग्रेस को राहुल संग सहानुभूति,परंपरागत समर्थन और जातीय समीकरण का भरोसा
कांग्रेस से लता कुमारी चुनाव मैदान में हैं। उन्होंने जाटव समाज की प्रत्याशी को मैदान में उतारा है। कांग्रेस को अभी हाल के राहुलगांधी के साथ हुए घटनाक्रम में मिली सहानुभूति लहर के साथ मुस्लिम और जाटव समाज के साथ कांग्रेस के परंपरागत वोटों के भरोसे कड़ी टक्कर देने की संभावना है।
आप बना सकती है खेल, नहीं तो बिगाड़ने में रह सकता है योगदान
आम आदमी पार्टी इस समय खूब चर्चा में है। दिल्ली और पंजाब में सरकार बनाने के साथ आजकल आप नेताओं पर पड़ रही रेड के बाद इस दल के प्रत्याशी को लेकर भी चर्चा है। आप ने मेयर पद के सविता दिवाकर को मैदान में उतारा है। पार्टी की स्वच्छ छवि के साथ दिवाकर समाज के साथ अन्य समाज के वोटों का भरोसा जीत की उम्मीद को मजबूत करता है।
आगरालीक्स…… आगरा में सभी प्रमुख दलों ने मेयर प्रत्याशी किए घोषित, जानें भाजपा, सपा, बसपा और कांग्रेस के मेयर प्रत्याशियों के बारे में। चार मई को मेयर, पार्षदों के लिए मतदान।