आगरालीक्स(05th October 2021 Agra News)… आगरा में जल निगम के दफ्तर में हंगामा. दो साल से गंगाजल नहीं आने पर भड़के लोग. गेट पर जड़ा ताला.
गेट पर जड़ा ताला
दयालबाग में गंगाजल नहीं आने पर 34 कॉलोनियों के लोगों का गुस्सा आज दोपहर को फूट पड़ा। उन्होंने संजय प्लेस में जल निगम कार्यालय पर हंगामा किया। बाहर गेट पर ताला लगा दिया। किसी अफसर को बाहर नहीं आने दिया।

प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी
प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। उनका कहना था कि दो साल बाद भी गंगाजल नहीं आया है। जबकि रुपया सेंशन हो चुका है। रामवीर सिंह ने बताया कि वे दो साल से अफसरों के आफिसों के चक्कर लगा रहे हैं लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही। उन्होंने कहा कि अभी हाल ही में कलक्ट्रेट में प्रदर्शन किया था। तब आश्वासन मिला था। उसके पहले भी हर अधिकारी को इस बारे में बताया लेकिन किसी ने सुनवाई नहीं की।
पुलिस पहुंची तब खोला ताला
हंगामे की सूचना पर थाना हरीपर्वत पुलिस पहुंची। उन्होंने करीब एक घंटे बाद गेट का ताला खुलवाया। सौरभ चौधरी ने बताया कि काम को जानबूझकर लेट किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अगर 15 दिन में सुनवाई नहीं हुई तो वह कमिश्नर कार्यालय का घेराव करेंगे। इस दौरान सत्यवीर चौधरी, धर्मवीर चौधरी, आकाश शुक्ला, यतेंद्र चौधरी, शिवा शर्मा, आकाश शर्मा, सुनील बघेल आकाश चाहर, सौरभ चौधरी आदि मौजूद रहे।