आगरालीक्स…आगरा में वीकेंड लाॅकडाउन के दौरान भी नहीं मान रहे लोग. बेवजह और बिना मास्क के निकल रहे बाहर. शनिवार को बड़ी संख्या में लोगों के काटे चालान…पढ़िए कितना वसूला चालान
नहीं मान रहे लोग
कोरोना संक्रमण की चेन ब्रेक करने के लिए आगरा सहित प्रदेश में इस समय वीकेंड लाॅकडाउन चल रहा है. लेकिन इसके बावजूद लोग वीकेंड लाॅकडाउन का पालन नहीं कर रहे हैं. हालात ये है कि बड़ी संख्या में लोग बिना वजह और बिना मास्क के घर के बाहर निकल रहे हैं. हालांकि पुलिस द्वारा इन पर कड़ी सख्ती भी बरती जा रही है. हर चैराहा पर चेकिंग की जा रही है. हर-आने जाने वालों को रोका जा रहा है. उनसे घर से बाहर निकलने की वजह पूछी जा रही है.
1350 लोगों के काटे चालान
शनिवार को वीकेंड लाॅकडाउन के दौरान बड़ी संख्या में पुलिस ने लोगों पर कार्रवाई की. बिना वजह और बिना मास्क के बाहर निकलने पर शनिवार को कुल 1350 लोगों के चालान काटे गए. इस दौरान इन लोगों से करीब 3.5 लाख रुपये तक का जुर्माना भी वसूला गया. पुलिस का कहना है कि किसी भी सूरत में नियमों को तोड़ने नहीं दिया जाएगा. अगर कोई बिना वजह बाहर निकलेगा या मास्क नहीं पहनेगा तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.