आगरालीक्स…(27 May 2020 Agra) आगरा में डॉक्टर के घर डकैती का 36 घंटे में खुलासा. सुबह एक बदमाश पकड़ा तो दोपहर तक छह और…सामने आई ये बड़ी बात
पुलिस ने 7 बदमाश पकड़े
आगरा के थाना सिकंदरा अंतर्गत केके नगर में डॉक्टर रजनीकांत के घर पूरे परिवार को बंधक बनाकर तमंचे के बल पर 11 लाख की लूट की वारदात को अंजाम देने वाले बदमाशों को पुलिस ने 36 घंटे के अंदर ही दबोच लिया. पुलिस ने एक बदमाश गुरुवार सुबह मुठभेड़ में घायल कर दबोचा तो वहीं शाम होने से पहले उसकी निशानदेही पर डकैती को अंजाम देने वाले छह और युवकों को धर दबोचा. आईजी रेंज आगरा नवीन अरोरा ने घटना का खुलासा करने पर 50 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा भी की है.
24 मई को हुई थी वारदात
बता दें कि बीती 24 मई को केके नगर में रहने वाले डॉ. रजनीकांत शर्मा के घर पर चार बदमाशों ने लूटपाट की थी. बदमाशों ने तमंचे और पिस्टल के दम पर सभी लोगों को बंधक बना लिया था और घर के अंदर से करीब सात लाख रुपये, दो लाख से अधिक के जेवरात, लैपटॉप, पल्सर बाइक सहित अन्य सामान लूट कर ले गए थे. बदमाशों ने घर में रहने वाले सभी लोगों के हाथ पैर टेप से बांध दिए थे. घटना के बाद से ही पुलिस एक्शन मोड़ में थी. शाम होते ही पुलिस की सात टीमें इस मामले के खुलासे के लिए गठित कर दी गई थी. पुलिस को बदमाशों के सीसीटीवी फुटेज भी मिले थे. बताया जा रहा था कि ये बदमाश डॉक्टर की ही बाइक से फिरोजाबाद की ओर भाग गए थे. पुलिस तभी से इनकी तलाश में लगी हुई थी.
मुठभेड़ में एक बदमाश पकड़ा
बुधवार रात को पुलिस चेकिंग कर रही थी तभी उसे दो युवक बाइक पर आते हुए दिखाई दिए. पुलिस ने उन्हें रोकना चाहा तो इस पर उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी. जवाबी फायरिंग में पुलिस की गोली एक बदमाश को लग गई जिससे वह घायल हो गया. अंधेरे का फायदा उठाकर दूसरा बदमाश वहां से भाग निकला. पुलिस ने घायल बदमाश को अस्पताल में भर्ती कराया. उसका नाम विपिन है. पुलिस के अनुसार विपिन ही इस लूटकांड का सरगना था. यहां उसकी निशानदेही पर पुलिस ने दोपहर तक छह और बदमाश सचिन चौहान, गणेश, लखन यादव, मनीष शर्मा, अरुण पाल, विशाल को भी पकड़ लिया. अभी एक आरोपी ओम फरार है. पुलिस ने घटना में 8 लोगों के शामिल होने पर इसे डकैती की धाराओं में तब्दील किया है. आईजी नवीन अरोड़ा ने बताया कि पूछताछ में विपिन ने काह कि वह और उसके सभी साथी पदम प्लाजा के पास किराये के मकान में रह रहे थे. पुलिस ने इन्हें दबिश देकर पकड़ा. पुलिस ने इनके पास से पांच लाख 75 हजार रुपये, आभूषण और अन्य सामान के साथ तमंचे और कारतूस भी बरामद किए हैं.