आगरालीक्स…(15 May 2021 Agra)आगरा में आइसक्रीम डीलर का पुलिस पर बड़ा आरोप—मारपीट कर 70 हजार रुपये छीन लिए. पीड़ित का वीडियो वायरल. एसपी सिटी ने कहा—हर एंगल से हो रही जांच
आगरा में एक आइसक्रीम डीलर ने पुलिसकर्मियों पर मारपीट कर 70 हजार रुपये छीनने का आरोप लगाया है. इसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है. डीलर का नाम अनून अग्रवाल बताया गया है, जिसका प्रतिष्ठान कोतवाली थाना क्षेत्र के सेठ गली में है. 1.13 मिनट के इस वीडियो में व्यापारी अपनी आपबीती बता रहा है. व्यापारी का आरोप है कि कोतवाली थाने में तैनात पांच सिपाही सफेद रंग की कार से उसके प्रतिष्ठान पर पहुंचते हैं और उसके साथ मारपीट कर 70 हजार रुपये छीन लेते हैं.
व्यापारी का आरोप है कि इसके बाद सिपाही उसे झुठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दे रहे थे. व्यापारी ने वीडियो में कहा कि सिपाहियों ने उससे कहा कि अगर शिकायत अधिकारियों से की तो बहुत बुरा होगा. झुठे मुकदमे में फंसा देंगे. इसमें उसने तीन सिपाहियों के नाम भी बताए हैं. इस संबंध में एसपी सिटी ने कहा कि वीडियो वायरल हुआ है. इसकी पूरी जांच की जा रही है. हर एंगल से जांच की जाएगी. शिकायत में जिन पुलिसकर्मियों के नाम आए हैं उनसे भी पूछताछ की जाएगी. इस मामले में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा.