आगरालीक्स.. आगरा की टूरिज्म पुलिस ने पर्यटक के बैग को छह घंटे में ढूंढ निकाला, बैग में ढाई लाख कैश था, बैग ढूंढने का तरीका हाईटेक था और इस गुड वर्क की सेल्फी ने पर्यटकों के चेहरों पर मुस्कान बिखेर दी।
मंगलुरू निवासी सिविल इंजीनियर संतोष संकोली अपने परिवार के साथ रविवार को आगरा घूमने आए थे। उन्होंने होटल में रूम लिया और इसके बाद आगरा किला घूमने आ गए। यहां दोपहर डेढ बजे उन्हें आॅटो में बैग छूट जाने की जानकारी हुई। बैग में ढाई लाख कैश के साथ ही एटीएम, क्रेडिट कार्ड सहित जरूरी सामान था। वे सीधे पर्यटक थाने पहुंचे, इस पर पर्यटन पुलिस सक्रिय हो गई। पर्यटक आॅटो चालक के बारे में भी जानकारी नहीं दे सके, इस पर पर्यटन थाना प्रभारी सुशांत गौर ने अपने साथी कुलदीप यादव व हरवीर के साथ आगरा फोर्ट से फतेहाबाद रोड के सीसीटीवी खंगाले।
लाल टी शर्ट से पहुंच गए आॅटो चालक के घर
एक सीसीटीवी में आॅटो चालक दिखाई दे गया, वह लाल टी शर्ट पहने था। इसके बाद अन्य आॅटो चालकों से उसकी पहचान कराई गई, इससे आॅटो चालक के घर का पता चल गया। पर्यटन थाने की पुलिस आॅटो चालक के घर पहुंच गई। घर पर आॅटो चालक नहीं था, उसकी पत्नी थी, उससे आॅटो चालक और बैग के बारे में पूछा, पहले उसने गुमराह किया। सख्ती करने पर उसने बैग वापस कर दिया।

बैग आॅटो में छूट जाने की घटना दोपहर डेढ बजे की है, शाम साढे सात बजे पर्यटन पुलिस आॅटो चालक के घर से बैग लेकर थाने पहुंच गई। यहां पर्यटकों को बैग वापस कर दिया। बैग में ढाई लाख कैश, एटीएम और क्रेडिट कार्ड थे। इससे पर्यटकों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। उन्होंने पर्यटन पुलिस के साथ सेल्फी ली। पर्यटन पुलिस की गुड वर्क की सेल्फी को सराहा जा रहा है।
Leave a comment