आगरालीक्स…आगरा के व्यापारियों ने सीएम से की बड़ी मांग. कहा—व्यापार ठप पड़ा है, खर्चों से जूझ रहा है व्यापारी. कैसे करें जीएसटी और अन्य करों का भुगतान
सीएम को विधायक के माध्यम से सौंपा ज्ञापन
सीएम योगी आदित्यनाथ इस समय आगरा में हैं. ऐसे में आगरा व्यापार मंडल ने जीएसटी से संबंधित एक ज्ञापन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को विधायक पुरुषोतम खंडेलवाल द्वारा सौंपा गया है. ज्ञापन के माध्यम से व्यापारियों ने कहा है कि लॉकडाउन के चलते सारे व्यापार बंद पड़े हैं. सारी अर्थव्यवस्था ठप पड़ी है. कोरोना महामारी ने हर घर को अपने विकराल रूप से घेर रखा है, ऐसे में व्यापारी अनेकों खर्चों से जूझ रहा है. व्यापारी अपनी पूँजी को ही खर्चों के रूप में खा रहा है तथा ब्याज, किराया, स्टाफ का वेतन, बिजली आदि अन्य ख़र्चे भी कर रहा है. व्यापार मंडल ने कहा कि जब व्यापार करने के लिए ही धन की कमी है तो कैसे वह जीएसटी आदि करों का भुगतान कर पायेगा. उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग की है कि जीएसटी R1, और टीडीएस एडवांस जमा की अवधि को कम से कम तीन माह आगे तक बढ़ाने का कष्ट करें, जिससे व्यापारियों को राहत मिलेगी.
व्यापार करना हो गया मुश्किल
ज्ञापन में व्यापारियों ने कहा कि लॉकडाउन और गिरती अर्थव्यवस्था के कारण व्यापार करना मुश्किल हो गया है. ऐसे में अगर व्यापारी को उसके टर्न ओवर के अनुसार 10% का बैंको से ओवरड्राफ्ट कम से कम ब्याज की दर पर मिल जाये तो व्यापार करने के लिए आवश्यक पूंजी की कमी की समस्या का समाधान हो सकता है. व्यापारी साथ में अपने बकाया करों का भुगतान भी आसानी से कर लेता. मांग करने वालों में अध्यक्ष टीएन अग्रवाल, महामंत्री कन्हैयालाल राठौर, कोषाध्यक्ष नितेश अग्रवाल शामिल रहे.