आगरालीक्स… आगरा के अंबेडकर विवि का दीक्षांत समारोह खास होगा, राष्ट्रपति, राज्यपाल के साथ एनएसए मंच पर होंगे। समारोह के बाद हाई टी में सिर्फ आठ लोग ही होंगे, किसी मंत्री और नेता को आमंत्रित नहीं किया गया है।
अंबेडकर विवि का 83 वां दीक्षांत समारोह पांच दिसंबर को विवि के खंदारी परिसर में होगा। मुख्य अतिथि राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद होंगे, राज्यपाल व कुलाधिपति राम नाईक के साथ ही मंच पर मानद उपाधि से सम्मानित किए जा रहे राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल, वैज्ञानिक टेमी थॉमस और कुलपति डॉ अरविंद दीक्षित के लिए ही कुर्सी लगाई जाएंगी। इसके अलावा मंत्री और नेताओं को दर्शक दीर्घा में बैठना होगा। समारोह के बाद कुलपति आवास पर राष्ट्रपति के लिए रखी गई हाई-टी में केवल आठ लोग होंगे। इसमें कुलाधिपति, एनएसए, डीआरडीओ वैज्ञानिक, कुलपति और उनके परिवारीजन ही रहेंगे।
एनएसए अजीत डोभाल और टेसी थॉमस ने दी सहमति
डॉ भीमराव अंबेडकर विवि नई शुरूआत कर रहा है, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार और विवि के पूर्व छात्र अजीत डोभाल, वैज्ञानिक टेसी थॉमस और योगाचार्य डॉ एचआर नागेंद्र को मानद उपाधि देगा, 83 वें दीक्षांत समारोह के मुख्य अतिथि राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद होंगे। । कुलपति डॉ. अरविंद दीक्षित ने बताया कि समारोह में आने के लिए अजीत डोभाल और टेसी थॉमस ने अपनी स्वीकृति दे दी है, जबकि योगाचार्य डॉ. एचआर नागेंद्र की स्वास्थ्य संबंधी कारणो से आने की संभावना कम है।
एनएसए अजीत डोभाल ने की है विवि से एमए
एनएसए अजीत कुमार डोभाल ने 1967 में आगरा विवि से एमए अर्थशास्त्र से किया है, वे विवि के पूर्व छात्र रहे हैं। वहीं रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन की वैज्ञानिक टेसी थॉमस को अग्निपुत्री नाम से भी जाना जाता है। वे अग्नि-2, अग्नि-3, अग्नि-4 प्रक्षेपात्र की मुख्य टीम का हिस्सा रहीं। उन्हें भी मानद उपाधि का प्रस्ताव रखा गया है। जबकि योगाचार्य डा. एचआर नागेंद्र विवेकानंद योग विश्वविद्यालय, बंगलूरू के कुलपति हैं।