आगरालीक्स…वीडियो देखें, आगरा में थार की टक्कर से युवक की मौत के बाद हुए बवाल में 19 अभियुक्त गिरफ्तार. पुलिस पर किया था पथराव, वर्दी फाड़ी. 11 पुलिसकर्मी हुए घायल…अन्य लोगों को चिन्हित कर रही पुलिस…
आगरा के थाना फतेहाबाद क्षेत्र में सोमवार को थार कार की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत के बाद हुए बवाल में अभी तक 19 अभियुक्तों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. एक्सीडेंट के बाद पुलिस कार्रवाई के दौरान अराजक तत्वों द्वारा उपद्रव किया गया था. फतेहाबाद सहायक पुलिस आयुक्त ने बताया कि 1पुलिस पर पथराव किया गया था और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाया गया था. इस मामले में थाना फतेहाबाद में मुकदमा दर्ज किया गया. पुलिस ने अभी तक 19 अभियुक्तों को अरेस्ट कर लिया है वहीं अन्य लोगों को चिन्हित करने के लिए सीसीटीवी आदि देखकर पहचान की जा रही है.
जानिए क्या है पूरा मामला
फतेहाबाद थाना क्षेत्र के गांव पूठपुरा के पास सोमवार को करीब साढ़े तीन बजे एक तेज रफ्तार थार कार ने अपाचे बाइक और एक स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में बाइक सवार युवक मनीष की मौत हो गई जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए. स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी. हादसे में स्कूटी सवार सुभाष, विवेक और कालू भी गंभीर रूप से घ्ज्ञायल हो गए. घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया.
ससुराल से लौट रहा था मनीष, चार महीने पहले हुई थी शादी
मृतक युवक मनीष की चार महीने पहले ही शादी हुई थी और वह अपनी ससुराल गढ़ी तिवारी फिरोजाबाद से वापस घर लौट रहा था. हादसे में मनीष की मौत पर पत्नी आरती और परिजनों में कोहराम मच गया.

गुस्साए लोगों ने लगाया जाम, पुलिसकर्मियों को दौड़ाया
हादसे से गुस्साए लोगों ने तीन घंटे फतेहाबाद फिरोजाबाद मार्ग को जाम कर बवाल काटा. एक्सीडेंट करने वाली थार गाड़ी को भी तोड़फोड़ दिया. सूचना पर पांच थानों का फोर्स मौके पर पहुंच गया लेकिन आक्रोशित भीड़ ने पुलिसकर्मियों पर पथराव कर दिया. हमले में एक दरोगा की वर्दी भी फट गई. पुलिस की गाड़ी को भी नुकसान पहुंचा था. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार उपद्रवियों ने करीब आधा किलोमीटर तक पुलिसकर्मियों को दौड़ा दिया. सूचना पर फतेहाबाद पुलिस और एसीपी फतेहाबाद भी पहुंच गए और उनहोंने लोगों को समझाने का प्रयास किया. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और किसी तरह लोगों को शांत किया. अब इस मामले में पुलिस की ओर से कार्रवाई की जा रही है