आगरालीक्स…आगरा के दयालबाग में आनंद और उत्साह के साथ मनाया गया लोहड़ी पर्व. देखें वीडियो
दयालबाग में लोहड़ी के पावन पर्व का उल्लासपूर्वक शुभारंभ हुआ। “डन ट्यूबवेल, विद्युत नगर” स्थित खेतों पर सभी सतसंगी भाई-बहन एवं बच्चे नियत समय पर प्लांटेशन मेंटेनेंस कार्य हेतु पहुँचने लगे। इस अवसर पर जेंडर-फ्री सुपर ह्यूमन (जिनकी आयु 3 सप्ताह से 12 वर्ष तक है) – की रंग-बिरंगी भेष-भूषा एवं परिधान लोहड़ी के उल्लास में सराबोर थे, जो कार्यक्रम का विशेष आकर्षण बने। सभी जेंडर-फ्री सुपर ह्यूमन परम पूज्य हुज़ूर प्रो. प्रेम सरन सतसंगी साहब के साथ लोहड़ी का पर्व मनाने हेतु अत्यंत उत्साहित एवं आनंदित थे।
जब परम पूज्य गुरुमहाराज एवं परम आदरणीय रानी साहिबा जी खेतों में पधारे, तब नियमित कृषि गतिविधियों के साथ-साथ लोहड़ी से संबंधित विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन हुआ। इनमें जेंडर-फ्री सुपर ह्यूमन बच्चों ने अत्यंत भावपूर्ण एवं मनमोहक प्रस्तुतियाँ दीं, जिनसे समस्त उपस्थितजन भावविभोर हो उठे। इस भव्य लोहड़ी आयोजन में देश-विदेश से लाखों सतसंगियों ने ऑनलाइन एवं ऑफलाइन माध्यमों से सहभागिता की।
उत्सव का उल्लास तब और भी बढ़ गया जब प्रातः 8 बजे, एवं पुनः दोपहर में परम पूज्य गुरुमहाराज एवं परम रानी साहिबा की गरिमामयी उपस्थिति में विद्युत नगर पर कार्यक्रम का द्वितीय एवं तृतीय चरण जोश एवं उमंग के साथ प्रारंभ हुआ। द्वितीय चरण में डी.ई.आई. (DEI) के विद्यार्थियों द्वारा भी लोहड़ी के उपलक्ष्य में विशेष सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दी गईं, जिन्होंने पूरे उत्सव को और भी जीवंत बना दिया। तृतीय चरण में भी लोहड़ी के उल्लास में सराबोर कार्यक्रमों की प्रस्तुतियाँ दी गईं
लोहड़ी महोत्सव के इस रंगारंग आयोजन का देश-विदेश के लगभग 580 केंद्रों पर सजीव प्रसारण किया गया। इस अवसर की विशेष बात यह रही कि देश-विदेश की सभी प्रमुख शाखाओं/केंद्रों ने वीडियो माध्यम से अपनी सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ प्रस्तुत कीं, जिससे वैश्विक सत्संग समुदाय की व्यापक एवं समरस भागीदारी सुनिश्चित हुई। आज का यह भव्य लोहड़ी महोत्सव संपूर्ण सत्संग जगत को आनंद, उमंग एवं सांस्कृतिक समरसता के रंग में सराबोर कर गया।