आगरालीक्स…आगरा में वीकेंड लॉकडाउन के दौरान चालू रहेगा फैक्ट्रियों में काम. वर्कर्स का है कहना—इस बार हमारे लिए बहुत बड़ी राहत. पिछले साल किया हफ्ते में तीन—तीन दिन काम…
श्रमिकों को मिली राहत
आगरा में कल रात आठ बजे से वीकेंड लॉकडाउन शुरू हो रहा है. ये सोमवार सुबह सात बजे तक चलेगा. इस दौरान लोगों को बाहर निकलने पर पाबंदी होगी लेकिन आगरा के जिलाधिकारी पभु नारायण सिंह ने इस वीकेंड लॉकडाउन में औद्योगिक इकाइयों में काम चलते रहने की परमीशन दी है. इस आदेश से आगरा की फैक्ट्रियों में काम करने वाले हजारों मजूदरों और कारीगरों को बहुत बड़ी राहत मिली है. मजूदरों को बस अपने काम पर जाने के लिए अपना आईकार्ड या कंपनी द्वारा जारी किया गया लैटर की कॉपी ही दिखानी होगी. आगरा में छोटी—बड़ी सभी औद्योगिक इकाइयों की संख्या एक लाख से अधिक है. यहां काम करने वाले मजदूरों की संख्या लाखों में है.
पिछले साल हफ्ते में तीन दिन किया काम
इस संबंध में जब मजदूरों से बात की गई तो उनका कहना था कि पूरे सप्ताह का काम जारी रहना चाहिए. हम लोगों को बहुत परेशानी हो जाती है. पिछले साल लॉकडाउन के कारण हम लोगों ने कई महीनों तक हफ्ते में तीन—तीन दिन ही काम किया था. हम लोगों को चार दिन का वेतन हफ्ते में मिलता था जिसके कारण बहुत आर्थिक दिक्कतें सामने आ गईं. अगर इस बार भी ऐसा होता तो दिक्कतें पैदा हो जातीं.
आगरा नेशनल चैंबर के अध्यक्ष मनीष अग्रवाल का कहना है कि प्रशासन का यह निर्णय बहुत अच्छा है. हम लोगों ने प्रशासन से इसकी मांग भी की थी. उत्पादन किसी भी कंडीशन में नहीं रुकना चाहिए. मजदूर वर्ग के लिए ये बहुत बड़ी राहत है. फैक्ट्रियों में मजूदरों की सुरक्षा के लिए मास्क मंगाए गए हैं. सेनेटाइज कराया जा रहा है. मास्क लगाकर ही उन्हें भेजा जा रहा है और मास्क के साथ ही एंटर किया जा रहा है.