आगरालीक्स…(26 September 2021 Agra News) आगरा के वरिष्ठ बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. राजेश्वर दयाल को मिला लाइफ टाइम अचीवमेंट अवॉर्ड. 20 साल बाद आगरा की झोली में आया ये अवार्ड
आगरा के वरिष्ठ बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. राजेश्वर दयाल को लाइफ टाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से सम्मानित किया गया है। उनकी इस उपलब्धि पर आगरा के चिकित्सा जगत में खुशी की लहर है। नेशनल नियोनेटोलॉजी फोरम और इंडियन एकेडमी ऑफ पीडिएट्रिक्स की मेरठ शाखा द्वारा 25 और 26 सितंबर को मेरठ के ग्रांड 5 रिजॉर्ट में सेंट्रल जोन पीडिएट्रिक्स कॉन्फ्रेंस (सीजेड यूपी नियोकॉन 2021) आयोजित की गई है। बाल रोग विशेषज्ञों के इस बड़े सम्मेलन में उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और आंध्र प्रदेश के बाल रोग विशेषज्ञ शामिल होते हैं। आगरा के डॉ राजेश्वर दयाल को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया था। यहां 25 सितंबर की शाम डॉ राजेश्वर दयाल को नेशनल नियोनेटोलॉजी फोरम के अध्यक्ष डॉ रंजन कुमार तेजावर ने अवॉर्ड देकर सम्मानित किया। इस समारोह की अध्यक्षता नीति आयोग के सदस्य और एम्स दिल्ली बाल रोग विभाग के पूर्व अध्यक्ष प्रो. विनोद पॉल ने की। इस अवसर पर इंडियन एकेडमी और फोरम के सभी पदाधिकारियों ने डॉ दयाल को शुभकामनाएं दीं। बता दें कि वर्ष 2016 में डॉ राजेश्वर दयाल को प्रतिष्ठित डॉ बीसी रॉय अवार्ड से सम्मानित किया जा चुका है।
20 साल बाद आगरा की झोली में आया ये अवार्ड
चिकित्सा क्षेत्र का यह अवार्ड तब 20 साल बाद आगरा की झोली में आया था। डॉक्टर्स डे पर तत्कालीन राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने राष्ट्रपति भवन, नई दिल्ली में एसएन के बाल रोग विभागाध्यक्ष डॉ राजेश्वर दयाल को डॉ बीसी रॉय अवार्ड से सम्मानित किया था। वर्ष 2003 में एसएन मेडिकल कॉलेज में बाल रोग विभाग अध्यक्ष पद पर काबिज होने के बाद डॉ राजेश्वर दयाल ने व्यक्तिगत प्रयासों से यहां एक नियोनेटल इंटेंसिव केयर यूनिट की स्थापना कराई और यह यूनिट आज 100 प्रतिशत ऑक्यूपेंसी के साथ संचालित हो रही है। इस यूनिट की मदद से अब तक हजारों शिशुओं की जान बचाई जा सकी है। इसके अलावा विभाग में तमाम तकनीकी सुधार डॉ दयाल के प्रयासों से सम्भव हो सके।