
साल में एक बार होने वाले ठाकुर बांके बिहारी महाराज के चरण दर्शनों के लिए श्रद्धालुओं का भीड लगी है। सोमवार को अक्षय तृतीया पर व्रंदावन, मथुरा के प्रसिद्ध ठाकुर श्री बांके बिहारी मंदिर में विशेष चरण दर्शन सुबह 7:45 बजे से शुरू हो गए। वहीं, नगर के सप्त देवालयों के साथ ही राधारमण, राधादामोदर और राधाश्याम सुंदर मंदिर में चंदन शृंगार के दर्शन शाम 5:30 बजे से हाेंगे। राधा दामोदर मंदिर, राधारमण, राधा गोपीनाथ, राधा गोकुलानन्द, राधा मदनमोहन, राधा गोविंद देव, राधा श्याम सुंदर मंदिर सहित प्राचीन सप्त देवालयों में प्रभु अपने भक्तों को सर्वांग चंदन दर्शन देंगे।
साल में एक बार दर्शन
श्रीबाँकेबिहारी जी मन्दिर में केवल शरद पूर्णिमा के दिन श्री श्रीबाँकेबिहारी जी वंशीधारण करते हैं। केवल श्रावन तीज के दिन ही ठाकुर जी झूले पर बैठते हैं एवं जन्माष्टमी के दिन ही केवल उनकी मंगला–आरती होती हैं । जिसके दर्शन सौभाग्यशाली व्यक्ति को ही प्राप्त होते हैं । और चरण दर्शन केवल अक्षय तृतीया के दिन ही होता है । इन चरण-कमलों का जो दर्शन करता है उसका तो बेड़ा ही पार लग जाता है। मंदिर की एक और विशेषता है कि यहाँ घंटी या शंख नहीं बजता है |
पुलिस फोर्स तैनात
व्यवस्थाओं के संबंध में डीएम राजेश कुमार और एसएसपी राकेश कुमार सिंह ने वन महाराज डिग्री कालेज में बैठक ली। अधिकारियों ने बताया कि पुलिसकर्मी चप्पे-चप्पे पर तैनात रहेंगे। 3 एएसपी, 12 सीओ, 20 एसएचओ, 650 कांस्टेबल, 43 महिला कांस्टेबल, 4 कंपनी पीएसी तैनात की गई है। बांके बिहारी मंदिर में सुरक्षा के लिए विशेष सुरक्षाकर्मियों के साथ बम
स्क्वाड दस्ता भी तैनात किया गया है। सीसीटीवी कैमरों से लोगों पर नजर रखी जाएगी। बांके बिहारी मंदिर में स्वास्थ्य सेवाओं को दुरुस्त रखने के लिए सीएमओ को जिम्मेदारी दी गई है।
राधा वल्लभ मंदिर, राधादामोदर, राधारमण, राधा श्यामसुंदर, प्रेम मंदिर और इस्कॉन आदि मंदिरों पर भी सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
शहर के बाहर रोके वाहन
बाहरी चौपहिया वाहन शहर के बाहर ही रोक दिए गए हैं । नेशनल हाइवे की ओर से वृंदावन आने वाले बड़े वाहन छटीकरा मार्ग पर मां वैर्ष्णों देवी मंदिर के समीप और छोटे चार पहिया वाहनों को रुक्मणि बिहार पार्किंग पर रोके गए । मथुरा से आने वाले बड़े और छोटे चार पहिया वाहन पागल बाबा के समीप दारुक पार्किंग पर पार्क किए जा रहे हैं। जबकि यमुना एक्सप्रेसवे की ओर से आने वाले बड़े वाहन बांके बिहारी भोजनालय के समीप और छोटे वाहन पुल के समीप पार्किंग स्थल पर खड़े कराए जा रहे हैं।
Leave a comment