आगरालीक्स.. आगरा का अंबेडकर पुल क्षतिग्रस्त हो गया है, गाडर के बीच में गैप हो गए हैं, इससे यमुना दिखाई देने लगी है, लेकिन पुल की मरम्मत नहीं कराई जा रही है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार बेलनगंज पर बसपा सरकार में 2008 में 30 करोड से अंबेडकर पुल बनाया गया, यह पुल यमुना ब्रिज से यमुना किनारा बेलनगंज तक यमुना पर बनाया गया है। इस पुल से बडी संख्या में वाहन गुजरते हैं, यमुना एक्सप्रेस वे से आने वाले वाहन इसी पुल से होते हुए यमुना किनारे रोड पर पहुंचते हैं।
पुल के गाडरों के बीच हो गए गैप
पुल के निर्माण से लेकर शुरू होने और उसके बाद कई बार क्षतिग्रस्त होने पर गुणवत्ता पर भी सवाल उठ चुके हैं, यह 12 साल पुराना पुल है, अब यमुना ब्रज की तरफ से पुल पर यमुना किनारा की तरफ आते हैं तो गाडर के बीच में गैप हो गया है, करीब 10 सेंटीमीटर का गैप है, गाडर की सरिया भी दिखाई देने लगी हैं, इस गैप से यमुना दिखाई देती है। वाहन के गुजरने पर तेज आवाज होती है।
लॉक डाउन के चलते नहीं हो सकी मरम्मत
इस मामले में उत्तर प्रदेश स्टेट ब्रिज कारर्पोरेशन लिमिटेड के चीफ प्रोजेक्ट मैनेजर दिनेश कुमार गुप्ता का मीडिया से कहना है कि लॉक डाउन के चलते मरम्मत नहीं हो सकी, यातायात पुलिस से पुल पर मरम्मत कार्य करने के लिए यातायात बंद करने की अनुमति ली जाएगी, इसके बाद काम शुरू किया जाएगा।

2016 में पुल का बडा हिस्सा हुआ था क्षतिग्रस्त
इससे पहले भी अंबेडकर पुल क्षतिग्रस्त हो चुका है, 2016 में पुल का बडा हिस्सा क्षतिग्रस्त हुआ था, इसके बाद पुल पर 10 दिन के लिए यातायात बंद कर दिया गया था।