आगरालीक्स…बैंक डकैती का एक और बदमाश मुठभेड में दबोचा. 7 लाख रुपये, तमंचा, बाइक बरामद.
50 हजार रुपये घोषित था इनाम
15 दिसम्बर को रोहता के पास इंडियन ओवरसीज बैंक में बदमाशों ने दिन दहाड़े डकैती डाली थी. बदमाश बैंक से करीब 59 लाख कैश लूटकर ले गए थे. इस संबंध में बैंक मैनेजर विवेक यादव से थाना सदर में मुकदमा दर्ज कराया था. मुकदमा आधा दर्जन बदमाशों के खिलाफ दर्ज हुआ था. मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस ने चार बदमाशों को जेल भेज दिया था. दो बदमाश बंटी और नरेन्द्र फरार चल रहे थे. दोनों बदमाशों को पकड़ने के लिए 50 हजार रुपये का इनाम घोषित कर दिया था.
बदमाशों को पकड़ने के लिए कई टीमों का गठन किया गया. उनका नेतृत्व एसपी सिटी प्रमोद रोहन बोत्रे कर रहे थे. आज तड़के एसपी सिटी के आदेश पर सीओ सदर महेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस रोहता के पास चेकिंग कर रही थी. इस बीच बाइक पर दो युवक आते दिखे. पुलिस ने उन्हें रोका तो वे भागने लगे. पुलिस ने उनका पीछा किया तो उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी. पुलिस ने अपना बचाव करने के लिए फायरिंग की. फायरिंग में एक बदमाश को पुलिस की गोली उसके पैर में लगी, जिससे वह घायल हो गया.
सिपाही भी घायल
वहीं मुठभेड़ में सिपाही उदय घायल भी हो गया. बदमाश को घायल देख उसका साथी भाग गया. पकड़ा गया बदमाश नरेन्द्र है. भागने वाला साथी बंटी है. एसएसपी बबलू कुमार ने बताया नरेन्द्र बैंक डकैती का अभियुक्त है. इस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित है. बंटी की तलाश की जा रही है. बदमाश के पास से एक बाइक, तमंचा और सात लाख रुपये मिले हैं.