आगरालीक्स…. आगरा में राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक के बाद पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा को ताजमहल से दिक्कत है तो 15 अगस्त को पीएम मोदी लाल किले से तिरंगा क्यों फहराते हैं। वे बोले कि ताजमहल और लाल किला में क्या संबध है यह कौन नहीं जानता, जिस शाहजहां ने ताजमहल बनवाया उसी ने लाल किला बनवाया था।
बुधवार को होटल रेडिशन ब्लू में सपा राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक के बाद प्रेसवार्ता में पर्यटन बुकलेट से ताजमहल को हटाए जाने के सवाल पर पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने कहा कि ताज भारत की पहचान है, यहां हिंदू, मुस्लिम, सिख, ईसाई की एकता देखने को मिलती है, सभी धर्म और जाति के लोग मिलकर कारोबार करते हैं।
पीएम मोदी याद रखें आगरा में दिया भाषण
पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी को 2014 में आगरा में चुनावी रैली में दिया भाषण याद रखना चाहिए, जिसमें उन्होंने कहा था कि पर्यटन से देश का विकास होता है दुनिया में पर्यटन का कारोबार थ्री ट्रिलियन है।
भाजपा सरकार फेल
भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि देश और प्रदेश की भाजपा सरकार फेल हो गई है। इसलिए चुनाव को देखते हुए गाय, गोबर, कब्रिस्तान, श्मशान घाट के मुददे उठाए जा रहे हैं।
5 साल सिर्फ जांच ही करेंगे
पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा की योगी सरकार में किसानों की कर्जमाफी को धोखा बताया। उन्होंने कहा कि बीजेपी ने चुनाव से पहले किसानों का पूरा कर्ज माफ करने का वादा किया था। चुनाव बाद ही उनके बोल बदल गए और उसमें शर्त लगा दी।
उन्होंने कहा कि जीएसटी से कारोबारी परेशान है। ये सरकार जांच कराने के अलावा कुछ नहीं कर रही है। यूपी का विकास रूक है और ये लोग केवल जांच कराने में लगे हैं। एक्सप्रेसवे की जांच में अभी तक कुछ नहीं निकला। ये लोग 5 साल सिर्फ जांच ही करेंगे और कुछ नहीं।