आगरालीक्स ..आगरा में भी संत कबीर नगर की तरह भाजपा के सांसद, कैबिनेट मंत्री, विधायक और मेयर के बीच विवाद हो रहा है। वहां सांसद ने विधायक में जूते मारे तो यहां जुबानी लडाई खुलकर सामने आ रही है।
यूपी के संत कबीर नगर में बुधवार को सांसद शरद त्रिपाठी एक सड़क के शिलान्यास स्थल पर लगे शिलापट्ट से संबंधित सवाल लोकनिर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता से पूछ रहे थे। मीडिया रिपोर्ट में सदस्यों और घटना के वीडियो फुटेज के अनुसार सांसद शरद त्रिपाठी ने मेंहदावल विधानसभा क्षेत्र में हुए एक सड़क के शिलान्यास पर लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता एके दूबे से जवाब मांगा। सांसद को आपत्ति थी कि वहां लगे शिलापट्ट पर उनका नाम क्यों नहीं लिखा है।
अधिशासी अभियंता जवाब देने के लिए खड़े हुए थे कि विधायक राकेश सिंह बघेल ने कहा, वह क्या जवाब देंगे, हमसे जवाब सुन लीजिए। इस पर सांसद ने तुरंत विधायक का प्रतिवाद किया और कहा कि सांसद मैं हूं या तुम। अधिकारी से जवाब मांग रहा हूं। तुमसे क्या बात करूं।
बात इतनी बढ़ गई कि सांसद ने कह दिया कि तुम्हारे जैसे कई नेता पैदा कर चुका हूं। बदले में विधायक ने भी जूतों से मारने की बात कह दी। बगल में बैठे खलीलाबाद विधायक जय चौबे और धनघटा विधायक श्रीराम चौहान दोनों को शांत कराने का प्रयास कर ही रहे थे, इतने में सांसद ने अपने पैर से जूता निकाला और दनादन विधायक के मुंह और सिर पर मारना शुरू कर दिया।
आगरा में भी जुबानी जंग, शिला पटिटका पर नाम का भी विवाद
आगरा में भी यूपी सरकार में कैबिनेट मंत्री एसपी सिंह बघेल, सांसद व एससी आयोग के अध्यक्ष डॉ राम शंकर कठेरिया के बीच जुबानी जंग खुलकर सामने आ चुकी है। मंच से नाम ना बोले जाने पर एसपी सिंह बघेल ने सांसद राम शंकर कठेरिया के खिलापफ मोर्चा खोल दिया था। इससे पहले सिविल एन्क्लेव की शिला पटिटका को लेकर सांसद राम शंकर कठेरिया और सांसद चौधरी बाबूलाल के बीच विवाद हो चुका है। मेयर नवीन जैन और विधायक जगन प्रसाद गर्ग भी आमने सामने आ चुके हैं। पीएम नरेंद्र मोदी के आगरा में आयोजित कार्यक्रम में शिलापटिटकाओं पर विधायकों के नाम न लिखने पर विवाद हुआ था।