आगरालीक्स… आगरा में बीएससी की एक छात्रा ने विवि में आत्मदाह करने की धमकी दी है, इससे हडकंप मचा हुआ है, छात्रा ने 10 अगस्त तक का समय दिया है, इसके बाद भी उसका रिजल्ट घोषित नहीं होता है तो वह विवि में आत्मदाह कर लेगी।
डॉ भीमराव अंबेडकर विवि, आगरा द्वारा सत्र 2016 17 का अधूरा परीक्षाफल घोषित किया है। विवि ने चार करोड से अधिक का परीक्षा शुल्क जमा न करने वाले छात्रों का रिजल्ट रोक लिया है। इस कारण से बोहरे नारायण सिंह आर्य महाविद्यालय, बल्देव, मथुरा की बीएससी अंतिम वर्ष की छात्रा हिमानी शर्मा का परीक्षाफल भी घोषित नहीं हुआ है, बीएससी अंतिम वर्ष का परीक्षाफल घोषित न होने से छात्रा आवेदन नहीं कर पा रही है। इससे परेशान होकर छात्रा ने विवि प्रशासन को धमकी दी है कि उसका 10 अगस्त तक परीक्षाफल घोषित कर दिया जाए, ऐसा नहीं किया जाता है तो वह विवि में आत्मदाह कर लेगी।
कॉलेज संचालक के खिलाफ तहरीर
बीएससी की छात्रा की धमकी के बाद अंबेडकर विवि के अधिकारियों ने बोहरे नारायण सिंह आर्य महाविद्यालय, बल्देव, मथुरा के संचालक और प्राचार्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के लिए तहरीर दी है। इसके साथ ही परीक्षा शुल्क जमा न करने वाले 32 कॉलेजों के खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है।
रिजल्ट और मार्कशीट के लिए भटक रहे छात्र
विवि के हजारों छात्र रिजल्ट और मार्कशीट के लिए भटक रहे हैं, इन्हें मार्कशीट जारी नहीं की गई है, पिछले कई सालों से रिजल्ट घोषित होने के बाद छात्रों को मार्कशीट जारी नहीं की जा रही है।
