आगरालीक्स (27 July 2021 Agra News)… यूपी विधानसभा चुनाव की तैयारियां सभी दलों ने तेज कर दी हैं। ब्राह्मण वोटरों को लुभाने की कवायद की जा रही है। आगरा में बसपा का सम्मेलन…।
आरबीएस में होगा सम्मेलन
आगरा में बसपा का प्रबुद्धवर्ग के सम्मान सुरक्षा व तरक्की आदि को लेकर विचार संगोष्ठी एक अगस्त को आयोजित की जाएगी। बसपा के जिलाध्यक्ष विमल वर्मा ने बताया कि रविवार को होने वाले सम्मेलन की तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं। कार्यक्रम आरबीएस कॉलेज खंदारी के रावकृष्ण पाल सिंह आडिटोरियम में होगा।
कोरोना गाइडलाइन का करेंगे पालन
जिलाध्यक्ष विमल वर्मा ने बताया कि यह कार्यक्रम आगरा जिले का है। कोरोना बीमारी को ध्यान में रखते हुए पूरी सतर्कता और सुरक्षा बरती जाएगी। प्रशासन की अनुमति और कोरोना गाइडलाइन के अनुसार ही कार्यक्रम कराया जाएगा।

10 बजे से शुरू होगा
जिलाध्यक्ष ने बताया कि कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पार्टी महासचिव सतीश मिश्रा होंगे। उनके साथ पूर्व कैबिनेट मंत्री नकुल दुबे, पूर्व मंत्री ओपी त्रिपाठी, नीरज मिश्रा और राष्ट्रीय महासचिव मुनकाद अली होंगे। जिलाध्यक्ष ने बताया कि बसपा ने हमेशा ब्राह्मणों को सम्मान दिया है। चुनाव में अगर सबसे ज्यादा सीटें किसी को दी हैं तो वह ब्राह्मणों को दी हैं।
ब्राह्मण वोटों पर हैं सभी दलों की निगाह
भाजपा से नाराज ब्राह्मण वोटों पर इस बार सभी दलों की निगाह हैं। बहुजन समाज पार्टी अब तक अयोध्या और प्रयागराज में ब्राह्मण सम्मेलन कर चुकी है। मंशा साफ है कि अगर ब्राह्मण वोट पार्टी के साथ आ जाए तो जीत सुनिश्चित होगी। इसीलिए ही बसपा सुप्रीमो मायावती ने ब्राह्मण वोटरों को पार्टी के समर्थन में एकजुट करने की जिम्मेदारी पार्टी महासचिव सतीश मिश्रा को सौंपी है।
उत्तर प्रदेश में कुल 13 फीसदी ब्राह्मण
उत्तर प्रदेश की बात करें तो कुल मतदाताओं में 13 फीसदी ब्राह्मण हैं। दरअसल, बसपा का मानना है कि 13 फीसदी ब्राह्मण और 23 फीसदी दलित एकजुट हो जाएं तो पार्टी चुनाव में जीत हासिल कर सकती है। हालांकि बसपा ने इस सम्मेलन का नाम प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन दिया है।