आगरालीक्स.. आगरा से लोकसभा चुनाव के लिए बसपा ने प्रत्याशियों की घोषणा शुरू कर दी है, इन्हें प्रभारी बनाया जा रहा है। आगरा सुरक्षित सीट से हाथरस के मनोज सोनी को प्रभारी बनाया गया है, संभवत वे ही प्रत्याशी होंगे अभी फतेहपुर सीकरी लोकसभा प्रभारी की घोषणा नहीं की गई है लेकिन पूर्व सांसद सीमा उपाध्याय का फतेहपुर सीकरी से चुनाव लडना लगभग तय है।
11 दिसंबर को चार राज्यों के चुनाव के नतीजे आने के साथ ही 2019 के लोकसभा चुनाव की उल्टी गिनती शुरू हो जाएगी, इससे पहले ही बसपा ने प्रत्याशियों को लोकसभा प्रभारी बनाना शुरू कर दिया है। बुधवार को बसपा के मंडल कार्यालय, कालिंदी विहार में हुई बैठक में आगरा सुरक्षित सीट से हाथरस निवासी मनोज सोनी को प्रभारी बनाने की घोषणा की गई, मनोज सोनी 2014 के लोकसभा चुनाव में हाथरस से बसपा के प्रत्याशी थे और चुनाव हार गए थे। आगरा सुरक्षित सीट पर बसपा से चुनाव लडने के लिए 10 लोगों के नाम की चर्चा चल रही थी, अभी इस पर विराम लग गया है।