आगरालीक्स… आगरा में बडा उलटफेर, बसपा के पूर्व विधायक गुटियारी लाल दुवेश और बसपा प्रत्याशी रहे उमेश सैंथिया ने भाजपा ज्वाइन कर ली है, उन्हें भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र नाथ पांडेय ने लखनऊ कार्यालय में उन्हें पार्टी में शामिल किया। दुवेश के साथ फतेहाबाद से बसपा प्रत्याशी रह चुके उमेश सैंथिया भी भाजपा में शामिल हो गए।
मंगलवार को बहुजन समाज पार्टी से दो बार विधायक और जोन कार्डिनेटर रहे गुटियारी लाल दुवेश ने पार्टी छोड़ भाजपा ज्वाइन कर ली, वह दो दिन पहले तक बसपा के कार्यकर्ता सम्मेलनों में शामिल हो रहे थे। उनके भाजपा में शामिल होने की खबर से खलबली मची हुई है।
दो बार रह चुके हैं विधायक
बसपा के गुटियारी लाल दुवेश ने 2007 में आगरा पश्चिम से 39,951 वोट पाकर भाजपा के पूर्व मंत्री रहे डा. रामबाबू हरित को हराया था। 2012 में परिसीमन के बाद वह आगरा छावनी से लड़े और भाजपा के डा. जीएस धर्मेश को हराया। उन्हें 67,786 वोट मिले थे। 2017 में वह हार गए।
पूर्व विधायक गुटियारी लाल दुवेश ने कहा कि बसपा कार्यकर्ताओं के साथ हम सभी को घुटन महसूस रही थी। भाजपा की नीति, नेतृत्व को देखते हुए हम निस्वार्थ शामिल हुए हैं। बसपा के पश्चिमी उत्तर प्रदेश प्रभारी सुनील कुमार चित्तौड़ ने कहा कि वह दो दिन पहले तक हमारे साथ थे। पार्टी में किसी दिक्कत की बात कभी नहीं की। चुनावी समय में लोग इधर से उधर जाते हैं। कोई प्रभाव नहीं पड़ता।
फतेहाबाद से प्रत्याशी रह चुके हैं सैंथिया
सात दिन पहले बसपा छोड़ चुके उमेश सैंथिया ने भी मंगलवार को लखनऊ में हुए कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष के सामने भाजपा की सदस्यता ले ली। वह बसपा नेताओं से कई दिनों से नाराज थे। उन्हें 2017 के विधानसभा चुनाव में 37 हजार वोट मिले थे।