आगरालीक्स… आगरा की फतेहपुर सीकरी सीट से बसपा प्रत्याशी सीमा उपाध्याय के चुनाव लडने से इन्कार के बाद नए प्रत्याशी की तलाश चल रही है। इसमें पूर्व विधायक धर्मपाल सिंह से लेकर कई अन्य बसपा पदाधिकारियों के नाम सामने आए हैं।
मीडिया रिपोर्ट में बसपा नेताओं के मुताबिक कहा गया है कि 9 मार्च को बसपा अध्यक्ष मायावती से से पूर्व सांसद सीमा उपाध्याय की मुलाकात हुई थी। उन्होंने अलीगढ़ सीट से चुनाव लडने की मांग की थी और सीकरी को कमजोर सीट बताया था। इस पर पार्टी नेतृत्व ने कहा कि अलीगढ़ में पार्टी प्रत्याशी घोषित हो चुके हैं और सीकरी अगर कमजोर लगती है तो चुनाव न लड़ें।
यह है कहना
बसपा के पश्चिमी उत्तर प्रदेश के सेक्टर प्रभारी सुनील कुमार चित्तौड़ ने कहा कि पूर्व सांसद सीमा उपाध्याय ने पार्टी अध्यक्ष के सामने कुछ समस्याएं रखी थीं। इस पर उन्हें चुनाव न लड़ने को कहा गया है। पार्टी जल्द ही नए प्रत्याशी के नाम का एलान कर देगी।
मीडिया से बसपा की पूर्व सांसद सीमा उपाध्याय का कहना है कि फतेहपुर सीकरी के चुनावी समीकरण और परिस्थितियां हमें हमारे अनुकूल नहीं लग रहे थे, इसलिए चुनाव नहीं लड़ रहे हैं। हम बसपा में हैं और किसी अन्य पार्टी में नहीं जा रहे हैं। दूसरे दल में जाने की बातें अफवाहें हैं।
रह चुकी हैं सांसद
सीमा उपाध्याय 2009 में इस लोकसभा क्षेत्र की पहली सांसद बनी थीं। 2014 में उन्हें भाजपा के चौधरी बाबूलाल ने हराया था।सीमा उपाध्याय को तीन महीने पहले लोकसभा प्रभारी बनाकर चुनाव लड़ने को कहा गया था।