आगरालीक्स.. आगरा में हार्डवेयर कारोबारी को कार सवार बदमाश किडनैप कर ले गए, कारोबारी का पता नहीं चल सका है। पुलिस टीमें जांच में जुटी हुई हैं।
आगरा के ताजगंज पारस नाथ पंचवटी निवासी पवन गुप्ता की राजपुर चुंगी पर हार्डवेयर की दुकान है। गुरुवार रात को कारोबारी पवन गुप्ता दुकान बंद कर एक्टिवा से घर जा रहे थे। साढ़े नौ बजे वे कॉलोनी के गेट पर पहुंचे, इसी दौरान अर्टिगा सवार बदमाशों ने गाड़ी उनकी एक्टिवा के आगे लगा दी, एक्टिवा से कारोबारी को खींचकर गाड़ी में डालकर बदमाश ले गए। आसपास के लोगों ने बदमाशों को अपहरण करते देखा। व्यापारी की एक्टिवा सड़क किनारे ही पड़ी छोड़ गए।
राहगीरों ने गाडी का नंबर देखा, नहीं चल सका पता
राहगीरों ने अर्टिगा गाडी का नंबर भी नोट कर लिया, इसे पुलिस को बता दिया। वहीं, व्यापारी के अपहरण की सूचना पर पूरे जिले में नाकाबंदी कर पुलिस ने सघन चेकिंग अभियान चलाया। देर रात तक अपहृत का सुराग नहीं लग सका। गाडी के नंबर से पता चला है कि अर्टिगा गाड़ी सेवला के त्यागी नगर निवासी राजबहादुर पुत्र अतर सिंह के नाम रजिस्टर्ड है। परिजनों ने बताया कि राजबहादुर गाड़ी लेकर बाराबंकी गए हैं। सीओ सदर विकास जायसवाल ने बताया कि सफेद रंग की गाड़ी से व्यापारी को अगवा किया गया है। उसकी तलाश चल रही है।
फाइल फोटो