आगरालीक्स….परीक्षा से दो घंटे पहले ही व्हाट्सएप पर पहुंच गया था सीटेट का प्रश्न पत्र. कोचिंग संचालक ने किया था लीक. पुलिस ने पांच लोगों को पकड़ा.
31 जनवरी को आगरा के 98 केंद्रों पर हुई केंद्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा (सी-टेट) का प्रश्न पत्र परीक्षा के समय से दो घंटे पहले ही व्हाट्सएप पर लीक हो गया था. सूचना के बाद लोहामंडी पुलिस ने इस मामले में पांच लोगों को अरेस्ट किया है. इनमें से एक कोचिंग संचालक है. मीडिया रिपोट्र्स के अनुसार कोचिंग संचालक ने ही परीक्षा से दो घंटे पहले यह प्रश्न पत्र लीक किया था. उसने अपने कई छात्रों को व्हाट्सएप नंबर पर यह पेपर भेज दिया था. पकड़े गए आरोपियों के नाम विकास शर्मा, थान सिंह, आशीष, मोहित और कुलदीप बताए गए हैं. इनमें विकास शर्मा कोचिंग संचालक है. बाकी चारों विकास के साथी हैं. पुलिस के अनुसार इसकी सूचना मिलने के बाद ही यह कार्रवाई की गई है. अभी सभी आरोपियों से और पूछताछ की जा रही है.
गौरतलब है कि 31 जनवरी को आगरा के 98 केंद्रों पर सीटेट की परीक्षा हुई थी. दो पालियों में हुई इस परीक्षा में 50 हजार से अधिक अभ्यर्थियों ने यह परीक्षा दी थी.