आगरालीक्स… आगरा में 30 मिनट में दो लूट करने वाले बदमाश सीसीटीवी में कैद हो गए हैं, इन्हें पकडवाने में मदद करें, बदमाशों ने कहा था बहन तेरा मंगलसूत्र नहीं ले जाएंगे, हम लुटेरे नहीं हैं, मजबूरी में लूट कर रहे हैं।
शनिवार को खंदारी के कालिंदी पुरम निवासी रिटायर्ड दारोगा जितेंद्र कुमार गौतम पत्नी राजकुमारी के साथ मथुरा में शादी समारोह के लिए निकले थे। उनके घर से निकलते ही शनिवार को दोपहर 3.20 बजे उनके घर में दो लुटेरे गेट खोलकर घुस गए। घर में मौजूद बेटी श्वेता गौतम, एक वर्षीय धेवता कान्हा और बेटे दीपक को तमंचा दिखाकर बंधक बना लिया। कान्हा को गोली मारने की धमकी भी दी। पूरे घर को खंगाला, कुछ नहीं मिला तो श्वेता के गहने उतरवाकर 12 मिनट में ही भाग गए।
30 मिनट में दूसरी घटना
दूसरी वारदात बदमाशों ने 3.50 बजे कमला नगर में हाईवे पर स्थित जैविक खाद व्यापारी संदीप गुप्ता के घर में की। संदीप बेटी रिया को कोचिंग से लेने गए थे। तभी दो लुटेरे घर में घुस गए। व्यापारी की प}ी ऋतु ने दरवाजा बंद करने का प्रयास किया, लेकिन बदमाशों ने धक्का मारकर खोल लिया। इसके बाद तमंचा तानकर ऋतु, 14 वर्षीय बेटे यश और नौकरानी मीना को बीमार मां उमा के कमरे में बंधक बना लिया। व्यापारी के पहुंचने पर उन्हें भी बंधक बना लिया। बेटी रिया ने यह देख बाहर की ओर दौड़ लगा दी। इस पर लुटेरे ऋतु से गहने उतरवाकर भाग गए। इंस्पेक्टर थाना न्यू आगरा अजय कौशल ने बताया कि लुटेरों के सीसीटीवी फुटेज मिले हैं। उसके आधार पर उनकी तलाश की जा रही है।
बहन मंगलसूत्र नहीं ले जाएंगे
रिटायर दरोगा की पत्नी ने बताया कि बदमाशों ने उनकी ज्वैलरी सहित अन्य सामान उतरवा लिए, एक बदमाश ने मंगलसूत्र उतारने के लिए कहा, इस पर श्वेता ने कहा कि भाई इसे मत ले जाओ, इस पर बदमाश ने कहा कि बहन मंगलसूत्र नहीं ले जाएंगे। हम लुटेरे नहीं हैं, मजबूरी में लूट कर रहे हैं।