आगरालीक्स(04th August 2021 Agra News)…। चंबल का रौद्र रूप देखने को मिल रहा है। बुधवार सुबह तक एक दर्जन गांवों में पानी भर गया। आज हालात और खराब…।
तीन मीटर खतरे के निशान से ऊपर
बाह विधानसभा क्षेत्र में 2019 के बाद चंबल नदी रौद्र रूप में है। पिनाहट स्थित सिंचाई विभाग के दफ्तर के मुताबिक, जलस्तर खतरे के निशान से तीन मीटर ऊपर पहुंच चुका है। हर घंटे इसमें इजाफा हो रहा है। बुधवार सुबह तक बाह क्षेत्र के दर्जन गांवों में पानी आ गया। ये सभी गांव चंबल नदी से लगे हैं। घरों में पानी घुसने पर लोग अपना सामान निकालकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचने लगे।
इन गांवों का संपर्क टूटा
करीब एक दर्जन गांव गोहरा गुड़ा, रानीपुरा, भटपुरा, झरना पुरा, उमरेठापुरा, क्योरी, बीच का पुरा, कछियारा, रेहा, डागोरा आदि गांव का बाह तहसील मुख्यालय से संपर्क टूट चुका है। प्रशासन ने तटवर्ती गांव में चौकियां स्थापित की हैं।

आज शाम को और पहुंचेगा पानी
खबर लिखे जाने तक चंबल का जलस्तर 133 मीटर तक पहुंच चुका था। सूत्रों के मुताबिक कोटा बैराज से छोड़ा गया पानी भी शाम तक पहुंचेगा। इसके बाद हालत और भी खराब होने की आशंका है।
स्टीमर से निकाल रहे लोगों को
जिन गांवों का मुख्यालय से संपर्क टूटा है, उन गांवों में स्टीमर से प्रशासनिक टीम बाढ़ में फंसे लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने का काम कर रही है। एसडीएम अब्दुल बासिद ने बताया कि लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है। प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद है। हर संभव मदद की जाएगी।