आगरालीक्स….(25 June 2021 Agra News) आगरा में 13 साल की लड़की बनने जा रही थी दुल्हन. एक सूचना पर पहुंची चाइल्ड लाइन केयर की टीम
आगरा में एक 13 साल की नाबालिग लड़की की शादी 25 साल के युवक के साथ की जा रही थी लेकिन शादी से पहले ही सूचना मिलने पर चाइल्ड लाइन केयर की टीम और पुलिस मौके पर पहुंच गई. शादी को रुकवा दिया गया और परिजनों को कार्रवाई की चेतावनी दी गई है. मीडिया रिपोर्ट के अनुसार मामला मंसुखपुरा के गांव रनूपुरा का है. यहां एक 13 साल की नाबालिग किशोरी की शादी अपने से उम्र में बड़े 25 साल के युवक से गुपचपु तरीके से की जा रही थी. गुरुवार को राजस्थान के धौलपुर बाड़ी से बारात आनी थी. लेकिन किसी तरह इसकी जानकारी ग्रामीणों द्वारा चाइल्ड लाइन टीम को दी गई. इस पर टीम मौके पर पहुंच गई. साथ में मनसुखपुरा पुलिस भी आ गई. टीम ने कार्रवाई की चेतावनी दी है और तुरंत फोन कर बारात लेकर आ रहे लोगों को बारात नहीं लाने की हिदायत दी. टीम यहां से नाबालिग किेशोरी, उसके पिता और बिचौलिए को लेकर थाने पहुंची जहां उन्हें बाल विवाह न करने के बारे में समझाया गया. टीम ने यहां किशोरी के पिता को लिखित में पत्र लिया कि अगर उसने अपनी बेटी की शादी बालिग होने से पहले की तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी.