आगरालीक्स…(24 January 2022 Agra News) आगरा में घना कोहरा छाया लेकिन दिन में धूप ने दी ठंड से राहत. आने वाले दिनों में शीतलहर का अलर्ट…तापमान शून्य के करीब भी पहुंच सकता है…
घने कोहरे से शुरुआत, दिन में धूप से राहत
आगरा में गलनभरी सर्दी के कारण इस बार सब परेशान हैं. पूरा जनवरी माह बीतने की ओर है लेकिन ठंड कम होने का नाम नहीं ले रही है. मौसम विभाग ने आने वाले सप्ताह में भी गलनभरी सर्दी का अलर्ट जारी किया हुआ है. आगरा में सोमवार की शुरुआत घने कोहरे के साथ हुई. शहर के लगभग सभी एरियाज में घना कोहरा छाया रहा. सुबह करीब 11 बजे तक कोहरे का प्रभाव आगरा में देखा गया. इसके बाद धूप निकली जिसने लोगों को सर्दी से राहत देने का काम किया. दिन में अच्छी धूप खिली जिसके कारण दिन का तापमान थोड़ा बढ़ा है. सोमवार को आगरा का अधिकतम तापमान 16.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो कि सामान्य से अभी भी 6 डिग्री कम रहा तो वहीं न्यूनतम तापमान 10 डिग्री रहा ये सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस अधिक रहा.
आगरा में शीतलहर का अलर्ट
इधर मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में शीतलहर का अलर्ट पहले ही जारी किया हुआ है. मौसम विभाग के अनुसार आगरा में तीन से चार दिन शीतलहर चलेगी जिसके कारण आगरा का न्यूनतम तापमान तीन डिग्री से भी कम रहने की संभावना है. सप्ताह के आखिर में शून्य डिग्री सेलिसयस भी तापमान पहुंच सकता है. इस दौरान घना कोहरा भी छा सकता है. हालांकि मौसम विभाग का अनुमान है कि दिन के तापमान में बढ़ोतरी होगी.