आगरालीक्स..बधाई हो, वुमेंस विश्व कप की चैम्पियन बनी टीम इंडिया. साउथ अफ्रीका को 52 रन से हराया. आगरा की दीप्ति ने लिए 5 विकेट
विश्व कप क्रिकेट की चैम्पियन बनीं भारतीय महिलाएं. चक दे इंडिया. जय हिंद. जय भारत. जिस लक्ष्य को हासिल करने में भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम भी चूक गई थी, उस कप को भारतीय महिलाओं ने हासिल किया है.
मुंबई में खेले गए वुमेंस विश्व कप के फाइनल मैच में भारतीय टीम ने साउथ अफ्रीका को 299 रन का लक्ष्य दिया है. जवाब में अफ्रीका 246 रन बनाकर आल आउट हो गई. भारत की ओर से दीप्ति शर्मा ने शानदार पांच विकेट लिए. दीप्ति ने भारत के लिए अर्धशतकीय पारी भी खेली.
विश्व कप फाइनल में भारत ने अफ्रीका को दिया 299 रन का लक्ष्य
महिला विश्व कप के फाइनल मैच में अफ्रीका टीम ने टॉस जीतकर भारतीय क्रिकेट टीम को पहले बल्लेबाजी का मौका दिया. बारिश के कारण मैच डेढ़ घंटा देरी से शुरू हुआ है. फाइनल मैच के लिए रिजर्व डे भी रखा गया है जिसके कारण ओवरों में कोई कटौती नहीं की गई है. टॉस दक्षिण अफ्रीका ने जीता और भारतीय महिलाओं को बैटिंग के लिए बुलाया. भारत की शुरुआत जबर्दस्त रही. भारतीय ओपनर स्मृति मंधाना और शैफाली वर्मा ने शतकीय साझेदारी की. भारत का पहला विकेट 17.4 ओवर में 104 पर स्मृति मंधाना के रूप में गिरा. मंधाना ने 45 रन बनाए. शैफाली वर्मा ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की लेकिन वो 87 रन पर आउट हो गईं. इसके बाद सेमीफाइनल में आस्ट्रेलिया के खिलाफ शतक बनाने वाली जेमिमा भी 171 रन के स्कोर पर अपना विकेट गंवा बैठीं. जेमीमा ने 24 रन की पारी खेली. कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 20 रन बनाए.
आगरा की दीप्ति शर्मा का अर्धशतक
आगरा की दीप्ति शर्मा ने इसके बाद एक छोर संभाले रखा और अर्धशतक पूरा किया. अमनजोत कौर 12 रन बनाकर आउट हुईं. इसके बाद विकेट कीपर रिचा घोष ने तेज पारी खेली और 2 छक्के और 3 चौके की मदद से 24 गेंदों पर 34 रन की पारी खेली. भारत ने 50 ओवर में 7 विकेट खोकर 298 रन बनाए. दीप्ति शर्मा पारी की आखिरी गेंद पर 58 रन बनाकर रन आउट हुईं.