आगरालीक्स ..आगरा में कोरोना का संक्रमण किस तेजी से फैल रहा है, इससे अंदाजा लगाया जा सकता है। कोरोना संक्रमित महिला सिपाही की मौत के बाद परिवार के 10 लोगों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। इन सभी को हिंदुस्तान कॉलेज के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कराया गया है।
आगरा के महर्षिपुरम, सिकंदरा के ईश्वर नगर में महिला पुलिस कर्मी की लेडी लॉयल में डिलीवरी के बाद घर भेज दिया था, वहां उनके सैंपल लिए गए थे। महिला पुलिस कर्मी कानपुर में तैनात हैं, वह गर्भवती थी और अप्रैल में अपनी ससुराल ईश्वर नगर में आ गईं थी। छह मई को महिला पुलिस कर्मी की तबीयत बिगडने पर ससुरालीजन उन्हें अपनी कार से लेकर निजी अस्पताल पहुंचे, इसी दौरान कोरोना पॉजिटिव की रिपोर्ट आ गई, रास्ते में ही महिला पुलिस कर्मी की मौत हो गई। चार घंटे तक कार में शव रखा रहा, पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम के पहुंचने के बाद अंतिम संस्कार किया गया।
पति, दो साल के बेटे सहित 10 पॉजिटिव, आठ की आनी है रिपोर्ट
महिला पुलिस कर्मी के परिजनों के सैंपल लिए गए। इसमें से उनके पति, दो साल के बेटे, ननद, नंदोई, दो देवर, चचिया ससुर, महिला पुलिस कर्मी के पिता और भाई की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। अभी महिला पुलिस कर्मी की आठ दिन की बेटी, सास सहित परिवार के आठ लोगों की रिपोर्ट आनी है। इन सभी को हिंदुस्तान कॉलेज में भर्ती किया गया है।