आगरालीक्स…आगरा में कोरोना से एक और मौत. देवरी रोड की रहने वाली कोरोना पॉजिटिव टीबी मरीज 27 साल की युवती ने तोड़ा दम. दिल्ली में भी बढ़े केस तो महाराष्ट्र के कई हिस्सों में सख्त लॉकडाउन के संकेत. जानिए कोरोना पर पूरा अपडेट
गुरुवार को दो केस मिले, एक की मौत
आगरा में यूं तो कोरोना संक्रमण पर कंट्रोल किया जा रहा है. रोजाना एक या दो केस ही सामने आ रहे हैं. गुरुवार को भी आगरा में दो कोरोना संक्रमित मरीज मिले लेकिन एक मरीज की इस संक्रमण से मौत भी हो गई. गुरुवार को देवरी रोड की रहने वाली 27 वर्षीय युवती की मौत हो गई. बताया जाता है कि युवती को टीबी थी. जांच में वह कोरोना पॉजिटिव पाई गई थी और गुरुवार को उसने दम तोड़ दिया. इधर स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि कोरोना पर कंट्रोल जारी है लेकिन अभी भी गाइडलाइंस का पालन करना बेहद जरूरी है. आगरा में अब तक कोरोना के 10552 मरीज मिल चुके हैं जिनमें से 10364 मरीज ठीक हो चुके हैं जबकि 175 लोगों की इससे मौत् हो गई है. आगरा में अब केवल 13 कोरोना संक्रमितों का ही इलाज चल रहा है.
दिल्ली में भी बढ़े संक्रमित
इधर बात अगर देश के अन्य राज्यों की हो तो दिल्ली में भी दो दिन से कोरोना संक्रमितों के मिलने की संख्या में इजाफा हुआ है. पिछले दो—तीन दिन से यहां 300 से ऊपर संक्रमित मिल रहे हैं.
महाराष्ट्र में टूट रहा रिकॉर्ड
इधर सबसे ज्यादा बुरा हाल महाराष्ट्र का है. बीते 24 घंटे में देश के अंदर 22 हजार से ऊपर संक्रमित मिले जिनमें से 13 हजार से ज्यादा संक्रमित अकेले महाराष्ट्र में मिले हैं. राज्य में बीते पांच महीनों में सबसे अधिक संक्रमित एक दिन में मिले हैं. मीडिया रिपोर्ट के अनुसार सीएम उद्धव ठाकरे ने संकेत भी दिया है कि जिस तरह से कोरोना संक्रमण की रफ्तार फिर से तेज हो रही है उस हिसाब से राज्य के कुछ अन्य हिस्सों में भी सख्त लॉकडाउन लगाया जा सकता है. बता दें कि राज्य के नागपुर में लॉकडाउन लगा हुआ है जबकि कई हिस्सों में नाइट कर्फ्यू लगा हुआ है.