आगरालीक्स…आगरा में 3 नये संक्रमित मिले. देश में दो लाख के पार हुए एक्टिव केस. इनमें 1.5 लाख महाराष्ट्र और केरल में. पंजाब में स्कूल बंद, 8 जिलों में नाइट कर्फ्यू…पढ़ें पूरा अपडेट
लगातार दूसरे दिन आगरा में मिले 3 केस
आगरा में रविवार को लगातार दूसरे दिन 3 नये कोरोना संक्रमित मिले हैं, जबकि दो दिन से आगरा में सिर्फ एक ही मरीज ठीक हुआ है. स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि आगरा में महामारी अभी कंट्रोल में है लेकिन लापरवाही बरती गई तो फिर से संक्रमितों का मिलना बढ़ सकता है. उनका कहना है कि लोगों को मास्क और सोशल डिस्टेंसिंग का ध्यान रखना ही होगा. इधर आगरा में अब 18 कोरोना संक्रमितों का इलाज चल रहा है. आगरा में अब तक 10558 कोरोना संक्रमित मिल चुके हैं जबकि इनमें से 10365 ठीक हो चुके हैं और 175 रोगियों की इस संक्रमण से मौत हो चुकी है.
देश में फिर दो लाख हुए एक्टिव केस
सर्दियों में जहां कोरोना संक्रमण पर काबू पाया जा रहा था वह गर्मियों के शुरू होने के साथ ही दोबारा गति पकड़ने लगा है. इसका सबसे ज्यादा व्यापक असर महाराष्ट्र, केरल में देखा जा रहा है. वहीं पंजाब और मध्य प्रदेश में भी मरीजों की संख्या में इजाफा हुआ हे. देश में फिर से एक्टिव केस का आंकड़ा दो लाख क्रॉस कर चुका है. इनमें से 1.18 लाख एक्टिव केस अकेले महाराष्ट्र में है जबकि 31 हजार करीब एक्टिव केस केरल में हैं.
पंजाब में अब ज्यादा सख्ती
इधर पंजाब में कोरोना संक्रमण की फिर से रफ्तार बढ़ती देख हेल्थ डिपार्टमेंट ने लोगों को सावधानी बरतने को कहा है. मीडिया रिपोटर्स के अनुसार पंजाब सरकार ने भी सख्त नियम लागू किया हैं. प्रदेश के आठ जिलों में नाइट कर्फ्यू लगाया गया है. इनमें पटियाला, लुधियाना, जालंधर, नवांशहर, होशियारपुर और कपूरथला शामिल हैं. यहां रात 11 बजे से सुबह 5 बजे तक लोगों के बेवजह निकलने पर पाबंदी लगाई गई है. इसके अलावा फिर से कक्षा 12वीं तक के स्कूल राज्य में बंद कर दिए गए हैं. राज्य के शिक्षा मंत्री ने बताया कि परीक्षाएं आनलाइन ही की जाएंगी. स्कूल में टीचर्स आएंगे और पढ़ाई बच्चों की जारी रहेगी. वहीं राज्य में अगले आदेश तक आंगनबाड़ी केंद्रों को भी बंद करने का फैसला किया गया है.