नईदिल्लीलीक्स.. भारत में दो कोरोना वैक्सीन को मंजूरी दे दी गई है लेकिन जिन दो वैक्सीन को मंजूरी दी गई है, उनकी निर्माता फर्म आपस में ही भिड़ गए हैं। भारत बॉयोटेक की कोवैक्सीन और सीरम इन्स्टीट्यूट की कोवीशील्ड को मंजूरी दे दी गई है। कोवीशील्ड वैक्सीन आक्सफोर्ड-एस्ट्राजेनेका वैक्सीन का ही भारतीय संस्करण है, जबकि भारत बायोटेक की वैक्सीन कोवैक्सीन भारत में ही बनी है।
तीन वैक्सीन के अलावा सब पानीः पूनावाला
सीरम इन्स्टीट्यूट के सीईओ अदार पूनावाला ने भारत बॉयोटेक की वैक्सीन को मंजूरी दिए जाने पर आपत्ति जताई तो भारत बॉयोटेक के चेयरमैन कृष्णा एल्ला ने भी सीरम इन्स्टीट्यूट पर पलटवार किया है। उन्होंने एक बयान में कहा है हम इस तरह की प्रतिक्रिया की उम्मीद नहीं करते है। उन्होंने वैक्सीन के मुद्दे पर राजनीति नहीं करने का आग्रह किया है।
हम 16 सफल वैक्सीन बना चुके हैः एल्ला
श्री एल्ला ने आदर पूनावाला का नाम लिये बिना कहा कि हम 200 फीसदी ईमानदार क्लीनिकल ट्रायल करते हैं और उसके बाद हमें ऐसी प्रतिक्रिया मिलती है। कुछ कंपनियां हमारी वैक्सीन को पानी की तरह बता रही हैं, मैं इससे इनकार करता हूं। हमारी कंपनी अब तक 16 सफल वैक्सीन बना चुकी है। उल्लेखनीय है कि रविवार को आदर पूनावाला ने एक साक्षात्कार में कहा था कि अब तक केवल फाइजर, मॉडर्ना और ऑक्सफोर्ड-एसट्राजेनेका की वैक्सीन ही प्रभावशाली साबित हुई है।
संक्रमितों की संख्या और घटी
कोरोना संक्रमण के मामलों में आज भी कमी आई है। स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा आज जारी दैनिक आंकड़ों के अनुसार बीते 24 घंटों में 16,375 नये संक्रमित मामले प्रकाश में आये हैं। इस तरह से देश में कोरोना वायरस संक्रमितों की संख्या 1,03,56,845 हो गई है। बीती 24 घंटों मे 201 मरीजों की मौत के बाद अब तक इस महामारी से देश में 1,49,850 मरीजों की मौत हो चुकी है। देश में संक्रमणमुक्त मरीजों की संख्या 99,75,958 हो गई है। अब देश में कोरोना के एक्टिव मामले दो लाख से कम बचे हैं।