आगरालीक्स …आगरा के लिए बडी राहत, करोडों रुपये की लागत से तैयार आधा दर्जन हॉस्पिटल के लिए रास्ता खुल गया है। हॉस्पिटल, होटल और 20 हजार वर्ग मीटर से ज्यादा के निर्माण वाली बिल्डिंग इंडस्ट्री से हटाकर इन्फ्रास्ट्रक्चर की श्रेणी में आ गई हैं। इससे टीटीजेड में होने के बाद भी हॉस्पिटल, होटल सहित अन्य इन्फ्रास्ट्रक्चर के प्रोजेक्ट को चालू करने की अनुमति मिल गई है।
आगरा में 2016 से होटल, हॉस्पिटल सहित बडे प्रोजेक्ट पर ताजमहल को प्रदूषण से बचाने के लिए गठित किए गए ताज ट्रेपेजियम जोन के चलते रोक लगी हुई थी। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने हॉस्पिटल, होटल, 20 हजार वर्ग मीटर से ज्यादा निर्माण के प्रोजेक्ट के साथ ही एयरपोर्ट, एयर स्ट्रिप और आटोमोबाइल सेक्टर को इन्फ्रास्ट्रक्चर में शामिल कर लिया है। पहले ये उद्योग की कैटेगरी में थे और उद्योग की कैटेगरी में होने के कारण प्रदूषण के चलते होटल, हॉस्पिटल पर रोक लगी हुई थी, आगरा में एयरपोर्ट का काम भी शुरू नहीं हो पा रहा था। मगर, अब सीबीसीपी ने अप्रैल 2020 में एक नई इन्फ्रास्ट्रक्चर कैटेगरी में शामिल कर लिया है। इससे आगरा में अधर में अटेक प्रोजेक्ट शुरू किए जा सकेंगे।
इन्फ्रास्ट्रक्चर बढेगा, नौकरी भी मिलेगी
आगरा में आधा दर्जन बडे हॉस्पिटल का काम अधर में अटका हुआ है, अब ये प्रोजेक्ट चालू हो सकेंगे। इससे लोगों को रोजगार मिलेगा, साथ ही शहर में इन्फ्रास्ट्रक्चर भी बढेगा। यहां भी रोजगार की संभावनाएं बढ जाएंगी। यह आगरा के लिए बडी उपलब्धि भी है, पिछले चार साल से आगरा में हॉस्पिटल और होटल नहीं खुल पा रहे थे।