आगरालीक्स…आगरा में पत्नी ने प्रेमी के साथ पूरे प्लान के साथ किया था पति का मर्डर. होली पार्टी के लिए बुलाया और कार में गला घोंटकर कर दी हत्या…पत्नी, प्रेमी और उसका साथी अरेस्ट
आगरा के थाना जगदीशपुरा अंतर्गत बांसबल्ली कारोबारी जितेंद्र बघेल की हत्या पूरी साजिश के तहत की गई थी. पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर कार के अंदर पति की गला घोंटकर हत्या की थी. होली पार्टी के बहाने पति को बुलाया गया था और बाद में हत्या कर उसके शव को पत्नी के प्रेमी और उसके दोस्त ने फरह में फेंक दिया था. पुलिस ने तीनों को अरेस्ट कर लिया है.
11 मार्च को की हत्या, गुमशुदा की रिपोर्ट दर्ज कराई
आगरा के सिकंदरा—बोदला रोड स्थित लाल मस्जिद के पास 35 साल के बांस बल्ली व्यापारी जितेंद्र बघेल रहते थे. 11 मार्च की शाम को जितेंद्र लापता हो गए थे. परिजनों ने बताया कि वह दुकान बंद करके घर आए थे लेकिन बाद में गुटखा खरीदने के लिए घर से निकल गए लेकिन वापस नहीं लौटे. 12 मार्च को जितेंद्र की पत्नी नीतू ने थाना जगदीशपुरा में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई.इस पर पुलिस जितेंद्र की तलाश कर रही थी.
मथुरा में हाइवे पर मिला शव
उधर मथुरा पुलिस को थाना फरह अंतर्गत हाईवे किनारे गांव भीमनगर के पास एक शव मिला. मृतक की शिनाख्त न होने पर फरह पुलिस ने अज्ञात में शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा. इधर जब आगरा पुलिस को मथुरा में एक व्यक्ति का शव मिलने की जानकारी हुई तो शनिवार को जितेंद्र के परिजन मथुरा गए. यहां उन्होंने जितेंद्र की शिनाख्त की. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में जितेंद्र की गला घोंटकर हत्या होना बताया गया.
मां ने बहू के खिलाफ दी तहरीर
जितेंद्र बघेल की मां चंद्रवती ने बेटे की हत्या की तहरीर दी. इसमें उसने जितेंद्र की पत्नी नीतू और उसके मायके वालों को नामजद किया. नीतू का मायका सिकंदरा क्षेत्र में है. इस पर पुलिस ने नीतू को हिरासत में ले लिया. पुलिस ने जब सख्त तरीके से नीतू से पूछताछ की तो उसने पति की हत्या करना स्वीकार किया लेकिन उसने और किसी का नाम नहीं लिया.
मोबाइल कॉल् से खुला प्रेमी का राज
पुलिस को मामला संदेहप्रद लगा इस पर पुलिस ने महिला के मोबाइल कॉल को देखा जिसमें विष्णु नाम के युवक से संपर्क बताया गया. पुलिस ने जब विष्णु के बारे में पूछा तो पता चला कि वह उसका प्रेमी था. तीन साल पहले ही दोनों संपर्क में आए थे और विष्णु आए दिन उसके घर और दुकान पर भी आता—जाता रहता था. 11 मार्च को उन्होंने होली पार्टी के लिए जितेंद्र को बुलाया.
होली पार्टी के बहाने मर्डर
होली पार्टी के बहाने जितेंद्र को आल्टो कार में बैठाया. इसमें विष्णु बघेल का एक और साथी था. कार के अंदर ही अंगोछे से जितेंद्र बघेल की गला घोंटकर हत्या कर दी गई. इसके बाद शव को मथुरा के फरह जाकर फेक दिया गया. पुलिस ने तीनों को अरेस्ट कर जेल भेज दिया है.